रूस और यूक्रेन के इमरजेंसी वार्निंग सिस्टम पर साइबर हमला

रूस और यूक्रेन ने अपने इमरजेंसी वार्निंग सिस्टम पर साइबर हमले होने का दावा किया है.
हैकर्स ने दोनों देशों के नागरिकों को फ़र्ज़ी अलर्ट भेजे, जिससे कुछ समय के लिए लोगों में दहशत की स्थिति पैदा हो गई. इन संदेशों में रेडिएशन के ख़तरे और परमाणु हमले जैसी चेतावनियां दी गई थीं.
रूस के आपातकालीन मंत्रालय ने कहा है कि उसके अलर्ट ऐप पर बड़े पैमाने पर साइबर हमला हुआ है. मंत्रालय के मुताबिक़, इस हमले के ज़रिए हैकर ग़लत सूचनाएं भेज सकते थे.
हालांकि, मंत्रालय ने स्पष्ट किया कि देश का सार्वजनिक अलर्ट सिस्टम नॉर्मल तरीके से काम कर रहा है.
वहीं, यूक्रेन के एयर रेड वार्निंग ऐप से भी कथित साइबर हमले के बाद फ़र्ज़ी चेतावनियां भेजे जाने का मामला सामने आया है.
यूक्रेन के सेंटर फॉर स्ट्रैटेजिक कम्युनिकेशंस ने इस साइबर हमले के लिए रूस को ज़िम्मेदार ठहराया है.
संगठन ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर एक पोस्ट साझा करते हुए यूक्रेन के एयर रेड ऐप पर दिखाई देने वाले कुछ अलर्ट की तस्वीरें भी जारी कीं.(bbc.com/hindi)



