बिना ओटीपी के कारोबारी के क्रेडिट कार्ड से 10.20 लाख पार

छत्तीसगढ़ संवाददाता
बिलासपुर, 15नवंबर।साइबर ठगों ने ऑनलाइन धोखाधड़ी का नया मामला सामने लाते हुए एक कारोबारी के क्रेडिट कार्ड से10लाख20हजार रुपये निकाल लिए। हैरानी की बात यह है कि कारोबारी को किसी तरह का ओटीपी नहीं मिला और न ही उसने किसी अनजान व्यक्ति के साथ कोई गोपनीय जानकारी साझा की थी। सिविल लाइन पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार मंगलाचौक स्थित रियल हेवन्स अपार्टमेंट निवासी आनंद अग्रवाल निर्माण व्यवसाय से जुड़े हैं।7नवंबर की रात करीब तीन बजे उन्होंने मोबाइल देखा तो क्रेडिट कार्ड से10लाख20हजार रुपये निकाले जाने का संदेश मिला।
आनंद ने न तो कोई ऑनलाइन खरीदारी की थी और न ही उनके पास इससे पहले कोई संदिग्ध फोन या संदेश आया था। उन्होंने अपनी पत्नी अन्नू से भी जानकारी ली,लेकिन परिवार की ओर से भी कोई खरीदारी नहीं की गई थी।
कारोबारी ने पुलिस को बताया कि न तो उनसे ओटीपी मांगा गया और न ही उन्होंने किसी को ऐसा कोड दिया। इसके बावजूद उनके क्रेडिट कार्ड से बड़ी रकम निकाल ली गई।
शिकायत के आधार पर सिविल लाइन पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा318(4)के तहत अपराध दर्ज किया है। पुलिस लेनदेन और डिजिटल गतिविधियों की जांच कर रही है।
इसी तरह धोखाधड़ी का दूसरा मामला कोतवाली थाना क्षेत्र में सामने आया है। बिल्हा के केसला निवासी कारोबारी गोवर्धन प्रसाद अग्रवाल6नवंबर को खरीदारी के लिए गोलबाजार गए थे। इस दौरान उनका मोबाइल फोन गुम हो गया।
उन्होंने कोतवाली थाने में इसकी सूचना दी और पुराना सिम बंद कराकर नया सिम ले लिया। इसके बावजूद9से11नवंबर के बीच उनके बैंक खाते से कुल2लाख96हजार रुपये निकाल लिए गए।
कारोबारी की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ अपराध दर्ज कर लिया है। दोनों मामलों में पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि ठगों ने बैंकिंग और डिजिटल सुरक्षा को कैसे भेदा।
