छत्तीसगढ़

4 दिनी सरगुजा ओलम्पिक में साढ़े 3 हजार ने लिया हिस्सा

विजेताओं एवं उपविजेताओं को प्रमाण पत्र

छत्तीसगढ़ संवाददाता

उदयपुर, 9 अक्टूबर। स्टेडियम ग्राउंड झिरमिटी, उदयपुर में 5 से 8 अक्टूबर तक आयोजित चार दिवसीय सरगुजा ओलम्पिक का गुरुवार को गरिमामय समारोह के साथ समापन हुआ। प्रतियोगिता में बड़ी संख्या में खिलाडिय़ों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। आयोजन में लगभग 3500 प्रतिभागियों ने विभिन्न खेल विधाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

सरगुजा ओलम्पिक के दौरान एथलेटिक्स सहित कुल 11 प्रकार के खेलों का आयोजन किया गया। इनमें 100 मीटर से 400 मीटर दौड़, रिले रेस, कबड्डी, खो-खो, वॉलीबॉल, फुटबॉल, बैडमिंटन, कराटे, तीरंदाजी, रस्साकशी, गोला फेंक, तवा फेंक एवं भाला फेंक जैसी प्रतियोगिताएं शामिल रहीं।

प्रतियोगिता के समापन अवसर पर विभिन्न खेल विधाओं में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को प्रशस्ति पत्र एवं प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। खिलाडिय़ों ने पूरे आयोजन के दौरान खेल भावना और अनुशासन का परिचय देते हुए शानदार प्रदर्शन किया।

दीप प्रज्ज्वलित कर हुआ था शुभारंभ

सरगुजा ओलम्पिक का शुभारंभ समारोह भी गरिमामय ढंग से किया गया था। उद्घाटन अवसर पर जनपद अध्यक्ष ओम प्रकाश सिंह, मंडल अध्यक्ष प्रबोध सिंह एवं अखंड विधायक सिंह ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया था।

समापन समारोह में जनप्रतिनिधियों की रही मौजूदगी

समापन समारोह में जनपद अध्यक्ष ओम प्रकाश सिंह, जनपद उपाध्यक्ष सिद्धार्थ सिंह देव, जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि अजय रवि सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। अतिथियों ने विजेता खिलाडिय़ों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की तथा खेलों के माध्यम से युवाओं को आगे बढऩे के लिए प्रेरित किया।

सफल आयोजन के लिए अधिकारियों की भूमिका

चार दिवसीय सरगुजा ओलम्पिक के सफल आयोजन में प्रशासनिक अधिकारियों, आयोजन समिति, खेल प्रशिक्षकों, निर्णायकों एवं कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। मुख्य कार्यपालन अधिकारी वेद प्रकाश गुप्ता, पंचायत निरीक्षक विपिन चौहान, कमलेश सिन्हा, सहित आयोजन से जुड़े अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने प्रतियोगिताओं के सुचारू संचालन में महत्वपूर्ण योगदान दिया। मंच संचालन सुरित राजवाड़े और अरविंद ध्रुव द्वारा किया गया।

आयोजन के समापन के साथ ही खिलाडिय़ों में उत्साह और उमंग का माहौल रहा। सरगुजा ओलम्पिक ने क्षेत्र के युवाओं को अपनी खेल प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ-साथ स्वस्थ प्रतिस्पर्धा और खेल भावना को बढ़ावा देने का मंच प्रदान किया। विजयी प्रतिभागियों को जिला स्तर पर होने वाले प्रतियोगिता में भाग लेने का अवसर प्राप्त होगा।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button