सही करियर का चुनाव, उज्ज्वल भविष्य की पहचान: सेजेस समोदा में करियर गाइडेंस कार्यशाला आयोजित
रामकुमार गुप्ता आरंग : स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय (सेजेस), समोदा में विद्यार्थियों को भविष्य के लिए सही करियर चुनने और विभिन्न क्षेत्रों में उपलब्ध संभावनाओं से परिचित कराने के उद्देश्य से करियर गाइडेंस कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में कला, वाणिज्य एवं विज्ञान संकाय के विद्यार्थियों को उनकी रुचि, योग्यता और क्षमता के अनुरूप करियर विकल्पों की जानकारी दी गई।
विद्यालय की व्याख्याता मितांजलि महंती ने बताया कि उचित करियर मार्गदर्शन से विद्यार्थी अपनी क्षमताओं को पहचानकर सही शैक्षणिक एवं व्यावसायिक निर्णय ले सकते हैं। कक्षा 12वीं के बाद उपलब्ध पाठ्यक्रमों, उच्च शिक्षा, प्रतियोगी परीक्षाओं और रोजगार के अवसरों की जानकारी विद्यार्थियों के भविष्य निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
उन्होंने कला संकाय के विद्यार्थियों को प्रशासनिक सेवाओं, शिक्षा, कानून, इतिहास, राजनीति विज्ञान, पत्रकारिता, सामाजिक सेवा, पर्यटन और मनोविज्ञान जैसे क्षेत्रों में करियर बनाने की संभावनाओं से अवगत कराया। साथ ही यूपीएससी, सीजीपीएससी, विधि शिक्षा, शिक्षक एवं प्राध्यापक, परामर्शदाता, अधिवक्ता, शोधकर्ता, मीडिया विशेषज्ञ, समाचार प्रस्तोता और सामाजिक कार्यकर्ता जैसे विकल्पों की जानकारी दी।
वाणिज्य संकाय के विद्यार्थियों के लिए लेखांकन, बैंकिंग, वित्तीय विश्लेषण, कंपनी सचिव (सीएस), चार्टर्ड अकाउंटेंसी (सीए), लागत एवं प्रबंधन लेखांकन, व्यवसाय प्रबंधन, अर्थशास्त्र, उद्यमिता और डिजिटल मार्केटिंग जैसे क्षेत्रों पर प्रकाश डाला गया। विद्यार्थियों को बैंकिंग सेवाओं, वित्तीय प्रबंधन, व्यवसाय संचालन और स्वयं का स्टार्टअप शुरू करने की संभावनाओं से भी परिचित कराया गया।
वहीं, व्याख्याता आकांक्षा वर्मा ने विज्ञान संकाय के विद्यार्थियों को चिकित्सा, इंजीनियरिंग, फार्मेसी, कृषि विज्ञान, कंप्यूटर एवं सूचना प्रौद्योगिकी, जैव प्रौद्योगिकी, माइक्रोबायोलॉजी, गणित, सांख्यिकी, अनुसंधान, रक्षा सेवाओं और पर्यावरण विज्ञान जैसे करियर क्षेत्रों की जानकारी दी। उन्होंने एमबीबीएस, बीटेक, बी.फार्मा, डी.फार्मा, बीसीए, स्वास्थ्य संबंधी पाठ्यक्रमों, डेटा विश्लेषण और एनडीए सहित विभिन्न शैक्षणिक एवं व्यावसायिक विकल्पों पर चर्चा की।
कार्यशाला के दौरान मितांजलि महंती एवं आकांक्षा वर्मा ने विद्यार्थियों की जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए अलग-अलग करियर क्षेत्रों में प्रवेश की संभावनाओं और उपलब्ध विकल्पों पर सार्थक चर्चा की। विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए अपनी रुचि के अनुसार विभिन्न करियर विकल्पों की जानकारी प्राप्त की।
यह कार्यशाला संस्था के प्राचार्य शैलेंद्र कुमार पाटले के मार्गदर्शन एवं दिशा-निर्देश में संपन्न हुई। कार्यशाला का उद्देश्य विद्यार्थियों को समय रहते सही करियर चुनने के लिए जागरूक करना तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की दिशा निर्धारित करने में सहयोग प्रदान करना रहा।
