ताजा खबर

हत्या कर गोवंश की मांस बेचने वालों का निकाला जुलूस कोर्ट में पिटाई भी

राजनांदगांव:: नगर के गौरी नगर में गोवंशों की हत्या कर उसका मांस बेचने के मामले में एक अपचारी समेत 11 आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया गया है। थाने से कोर्ट ले जाते समय उनका जुलूस निकाला गया। पहले से कोर्ट में जमा हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं ने आरोपितों की पिटाई भी की। इस दौरान न्यायालय परिसर में हिंदू संगठनों और पुलिस के बीच झड़प भी हुई।

मामले में पुलिस ने नागपुर यशोधरा नगर के मूल निवासी व वर्तमान में गौरी नगर में रहने वाले 39 वर्षीय अब्दुल अलीम उर्फ कनवा, उसकी पत्नी 35 वर्षीय अंजुम बेगम, गौरी नगर के ही 19 वर्षीय सलमान खान, 20 वर्षीय मोहम्मद साकिर खान, गौरी नगर स्टेशन पारा निवासी 35 वर्षीय मोईन गौरी, कसाई पारा निवासी 39 वर्षीय आरिफ कुरैशी, गौरीनगर देवनगर निवासी 42 वर्षीय सलीम अख्तर, स्टेशन पारा निवासी सैय्यद नदीम व एक अपचारी बालक के खिलाफ पशुक्रुरता अधिनियम व आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की है। आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई के दौरान शनिवार को शहर में तनावपूर्ण स्थिति निर्मित हो गई। पुलिस ने आरोपितों का शहर में जुलूस निकाला और उनसे उठक-बैठक भी कराई। इसके बाद आरोपितों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।

 न्यायालय परिसर में नारेबाजी के बीच गरमाया माहौल

आरोपितों को न्यायालय में पेश किए जाने की सूचना मिलते ही हिंदू संगठनों के पदाधिकारी वहां पहुंच गए। आरोपितों को फांसी की सजा देने की मांग लेकर पहुंचे पदाधिकारी उन्हें देखते ही आक्रोशित हो गए। इस दौरान पुलिस और हिंदू संगठनों के पदाधिकारियों के बीच जमकर झड़प हुई। न्यायालय परिसर में उस समय काफी गहमागहमी का माहौल बन गया, जब हिंदू संगठन के पदाधिकारी आरोपितों के करीब पहुंचने का प्रयास करने लगे। इसी बीच आरोपितों की पिटाई भी हो गई। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिसकर्मियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। कुछ देर के लिए माहौल तनावपूर्ण रहा। हालांकि, पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपितों को सुरक्षित पुलिस वाहन में बैठाया और न्यायालय परिसर से बाहर निकालकर जेल दाखिल करा दिया।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button