भारत-ऑस्ट्रेलिया की 13वीं आर्मी टू आर्मी स्टाफ वार्ता संपन्न, रक्षा सहयोग और सैन्य समन्वय बढ़ाने पर सहमति

नई दिल्ली, 30 सितंबर। भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच 13वीं आर्मी टू आर्मी स्टाफ वार्ता नई दिल्ली में 28 से 30 सितंबर 2026 तक आयोजित की गई। दोनों देशों की सेनाओं ने द्विपक्षीय रक्षा सहयोग को और मजबूत करने तथा साझा हित के क्षेत्रों में संपर्क के दायरे और स्तर का विस्तार करने पर सहमति जताई।
भारतीय सेना के अतिरिक्त महानिदेशालय जन सूचना (एडीजीपीआई) के अनुसार इस वार्ता ने दोनों सेनाओं के बीच मजबूत साझेदारी और आपसी विश्वास को दोहराया। तीन दिन चली बातचीत में द्विपक्षीय रक्षा सहयोग को आगे बढ़ाने के तरीकों पर सार्थक चर्चा हुई। दोनों पक्षों ने मौजूदा सैन्य सहयोग की समीक्षा की और भविष्य में प्रशिक्षण, अभ्यास, पेशेवर आदान-प्रदान तथा संस्थागत समन्वय को व्यापक बनाने के उपायों पर विचार किया।
ऑस्ट्रेलियाई सेना के प्रतिनिधिमंडल ने सेंटर फॉर लैंड वारफेयर स्टडीज (सीएलएडब्ल्यूएस) का दौरा किया। वहां समकालीन सुरक्षा मुद्दों और आपसी हित के विषयों पर चर्चा हुई। प्रतिनिधिमंडल ने राष्ट्रीय युद्ध स्मारक पर शहीदों को श्रद्धांजलि भी अर्पित की।
आर्मी टू आर्मी स्टाफ वार्ता दोनों सेनाओं के बीच विचारों के आदान-प्रदान, संस्थागत समझ बढ़ाने और रक्षा सहयोग के नए आयाम तलाशने का महत्वपूर्ण मंच है। यह वार्ता 2010 में शुरू हुई थी और 2016 से नियमित रूप से वार्षिक आयोजित हो रही है। भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच 2020 में व्यापक रणनीतिक साझेदारी स्थापित होने के बाद रक्षा क्षेत्र में सहयोग लगातार बढ़ा है। इसमें संयुक्त सैन्य अभ्यास ऑस्ट्राहिंद, प्रशिक्षण आदान-प्रदान, युवा अधिकारियों का आदान-प्रदान कार्यक्रम और समुद्री सुरक्षा सहयोग शामिल हैं।
वार्ता के दौरान दोनों देशों ने इंडो-पैसिफिक क्षेत्र में शांति, स्थिरता और नियम आधारित व्यवस्था के प्रति साझा प्रतिबद्धता दोहराई। सैन्य समन्वय बढ़ाने से दोनों सेनाओं की अंतर-संचालन क्षमता सुदृढ़ होने की उम्मीद है।



