कर्तव्य निभाते हुए प्राण न्योछावर करने वाले पुलिसकर्मियों को प्रधानमंत्री मोदी ने दी श्रद्धांजलि

नयी दिल्ली, 21 अक्टूबर। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कर्तव्य निभाते हुए अपने प्राण न्योछावर करने वाले बहादुर पुलिसकर्मियों को बुधवार को पुलिस स्मृति दिवस के अवसर पर श्रद्धांजलि दी।
मोदी ने कहा कि यह दिन देश के उन पुलिसकर्मियों के प्रति गहरी कृतज्ञता व्यक्त करने का अवसर है, जो कठिन परिस्थितियों में भी अपने कर्तव्यों का पूरी निष्ठा से पालन करते हैं।
मोदी ने कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने से लेकर अपराधों से निपटने, आपात स्थितियों में मदद पहुंचाने और नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने तक पुलिसकर्मियों का योगदान अमूल्य है।
प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर एक पोस्ट में कहा, पुलिस स्मृति दिवस उन पुलिसकर्मियों के प्रति गहरी कृतज्ञता व्यक्त करने का अवसर है, जो अक्सर बेहद चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में भी उल्लेखनीय प्रतिबद्धता के साथ अपने कर्तव्यों का पालन करते हैं।
प्रधानमंत्री ने कर्तव्य निभाते हुए अपने प्राण न्योछावर करने वाले बहादुर पुलिसकर्मियों को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि उनका साहस, अटूट समर्पण और सर्वोच्च बलिदान देश की स्मृतियों में हमेशा बना रहेगा।
राष्ट्रीय पुलिस स्मृति दिवस केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के उन 10 जवानों की याद में मनाया जाता है, जो 1959 में आज ही के दिन लद्दाख के हॉट स्प्रिंग इलाके में चीनी सैनिकों द्वारा घात लगाकर किए गए हमले में शहीद हो गए थे।(भाषा)

