छत्तीसगढ़

दशहरा उत्सव के दौरान 3 सड़क हादसे, 4 की मौत

छत्तीसगढ़ संवाददाता

सीतापुर/उदयपुर/बलरामपुर, 21 अक्टूबर। दशहरा उत्सव के दौरान अलग-अलग सड़क हादसों में चार लोगों की मौत हो गई। सीतापुर क्षेत्र में सरिया लोड ट्रेलर की टक्कर से टीवीएस एक्सएल मोपेड सवार दो किशोरों की मौके पर ही मौत हो गई। उदयपुर में दशहरा देखने जा रहे बाइक सवारों की सड़क किनारे पेड़ के ठूंठ से टकराने के बाद एक युवक ने दम तोड़ दिया, जबकि दूसरा घायल हो गया। वहीं, बलरामपुर जिले के कुसमी क्षेत्र में कार की टक्कर से 16 वर्षीय किशोर की मौत हो गई। तीनों घटनाओं से मृतकों के परिवारों में मातम है।

दशहरा देखकर लौट रहे दो किशोरों को ट्रेलर ने कुचला
बतौली के शांतिपारा में दशहरा कार्यक्रम देखकर घर लौट रहे दो किशोरों की बुधवार सुबह राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुए भीषण हादसे में मौत हो गई। सरिया लोड ट्रेलर ने उनकी टीवीएस एक्सएल मोपेड को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद चालक ट्रेलर छोड़कर फरार हो गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, बुधवार 21 अक्टूबर की सुबह करीब छह बजे दोनों किशोर शांतिपारा स्थित दशहरा मैदान में कार्यक्रम देखने के बाद मोपेड क्रमांक सीजी 15 डीआर 2726 से घर लौट रहे थे। इसी दौरान कारबेल बिजली टॉवर के सामने राष्ट्रीय राजमार्ग पर सरिया लोड ट्रेलर क्रमांक एचआर 38 एएम 9613 ने मोपेड को टक्कर मार दी।

मृतकों की पहचान ग्राम पंचायत सोनतराई निवासी पवन मांझी (16), पिता कुसित मांझी, और सूर्यकांत पैकरा (15), पिता हरिलाल पैकरा के रूप में हुई है। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवाया। पुलिस फरार ट्रेलर चालक की तलाश कर रही है।

दशहरा कार्यक्रम देखकर घर लौट रहे दोनों किशोरों की असमय मौत से क्षेत्र में शोक है। परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

पेड़ के ठूंठ से टकराई बाइक, एक की मौत
दशहरा देखने पलका जा रहे दो बाइक सवार खोंधला मोड़ बाजार के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गए। हादसे में ग्राम रिखी निवासी परसादी दास (29) की मौके पर मौत हो गई, जबकि राजाराम (22) घायल हो गया।

उदयपुर पुलिस के अनुसार, दोनों युवक बाइक से पलका जा रहे थे। शाम करीब 7.30 बजे खोंधला मोड़ बाजार के पास सामने से आ रही बाइक के हैंडल से उनकी बाइक टकरा गई। इसके बाद बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे फिसली और पेड़ के ठूंठ से जा टकराई। राजाराम के सिर में चोट आई, जबकि परसादी दास के सिर में गंभीर चोट लगने से उसकी जान चली गई।

दशहरा देखकर लौट रहे किशोर को कार ने मारी टक्कर
बलरामपुर जिले के कुसमी थाना क्षेत्र के ग्राम पीपरटोली निवासी लक्ष्मण बारगाह (16), पिता बुधराम, की कार की टक्कर से मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, लक्ष्मण दशहरा उत्सव देखने कुसमी गया था। रात करीब आठ बजे लौटते समय ग्राम रेहड़ा के पास कार क्रमांक जेएच 01 जीजे 5694 के चालक ने कथित रूप से लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए उसे टक्कर मार दी।

घायल लक्ष्मण को कुसमी अस्पताल से मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर लाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद परिवार में शोक छा गया।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button