छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ हॉकी लीग का भव्य शुभारंभ: देश में खेलों को बढ़ावा देने बड़े पैमाने पर हो रहा आयोजन – डॉ.खड़से

छत्तीसगढ़ हॉकी लीग की गूँज पूरे राज्य में-साव

​रायपुर, 21 अक्टूबर।देश की पहली छत्तीसगढ़ हॉकी लीग का रंगारंग और भव्य शुभारंभ रायपुर के सरदार वल्लभ भाई पटेल अंतर्राष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में किया गया।

इसके उद्घाटन समारोहमें केंद्रीय आवासन एवं राज्य सभा सांसद श्रीमती लक्ष्मी वर्मा, राज्य युवााह्न आयोग के अध्यक्ष विश्व विजय सिंह तोमर, बीज निगम के अध्यक्ष चन्द्रहास चंद्राकर और खेल विभाग के सचिव यशवंत कुमार, लीग के ब्रांड एंबेसडर सरदार सिंह, पूर्व अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेटर राजेश चौहान सहित कई गणमान्य नागरिक और खेलप्रेमी भारी संख्या में मौजूद रहे।

समारोह को संबोधित करते हुए केंद्रीय खेल राज्य मंत्री श्रीमती रक्षा निखिल खड़से ने कहा कि आज भारत खेलों में लगातार आगे बढ़ रहा है और सरकार का मुख्य उद्देश्य खेल को देश के हर घर तक पहुँचाना है। आज केवल क्रिकेट ही नहीं, बल्कि अन्य सभी खेलों को भी समान रूप से प्राथमिकता दी जा रही है। निजी संस्थान भी आगे बढ़कर युवा खिलाड़ियों को प्रोत्साहित कर रहे हैं, क्योंकि युवाओं की ऊर्जा और ताकत से ही देश का भविष्य मजबूत होगा। उन्होंने विश्वास जताया कि वह दिन दूर नहीं जब छत्तीसगढ़ को देश के एक प्रमुख खेल गढ़ के रूप में जाना जाएगा।

समारोह के अति विशिष्ट अतिथि उप मुख्यमंत्री एवं खेल मंत्री अरुण साव ने कहा कि
आज ही के दिन, ठीक 25 साल पहले भारतीय जूनियर हॉकी टीम ने विश्व कप जीता था, और उसी स्वर्णिम विजेता टीम के सम्मानित सदस्य देवेश चौहान इस प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ की टीम के मुख्य कोच के रूप में अपनी सेवाएँ दे रहे हैं। छत्तीसगढ़ की माटी ने विन्सेंट लकड़ा, मृणाल चौबे, रेणुका यादव और सबा अंजुम जैसे महान हॉकी खिलाड़ी देश को दिए हैं। खेल का मैदान केवल एक खिलाड़ी तैयार नहीं करता, बल्कि मनुष्य के भीतर आत्मविश्वास, अनुशासन और नेतृत्व के गुणों को भी विकसित करता है।

राज्य सभा सांसद श्रीमती लक्ष्मी वर्मा ने अपने वक्तव्य में कहा कि हॉकी भारत का राष्ट्रीय खेल है और छत्तीसगढ़ के प्रतिभावान खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए ऐसा उच्च-स्तरीय मंच मिलना बड़े सौभाग्य की बात है। खेल विभाग के सचिव यशवंत कुमार ने प्रतियोगिता की रूपरेखा स्पष्ट करते हुए बताया कि 22 अक्टूबर से 1 नवंबर तक चलने वाली इस लीग में कुल छह फ्रेंचाइजी टीमें पूरी तैयारी के साथ मैदान में उतरी हैं। प्रत्येक 22 सदस्यीय टीम में छत्तीसगढ़ के 18 स्थानीय खिलाड़ियों के साथ-साथ 4 प्रतिष्ठित राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय (ओलंपियन) खिलाड़ियों को शामिल किया गया है, ताकि हमारे युवाओं को देश के शीर्ष खिलाड़ियों के साथ खेलने, उनकी तकनीक सीखने और एक उत्कृष्ट खेल वातावरण का अनुभव प्राप्त करने का पूरा अवसर मिल सके। ​प्रतियोगिता के मुकाबलों का रोमांच 22 अक्टूबर से शुरू होकर 1 नवंबर तक लगातार जारी रहेगा। सभी मैच रायपुर के सरदार वल्लभ भाई पटेल अंतर्राष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में खेले जा रहे हैं, जहाँ प्रतिदिन दो रोमांचक मुकाबले आयोजित किए जा रहे हैं। पहला मैच प्रतिदिन शाम साढ़े पाँच बजे और दूसरा मुकाबला शाम साढ़े सात बजे से शुरू होता है। लीग के पहले दिन महिला खिलाड़ियों का एक विशेष प्रदर्शनी मैच भी आयोजित किया गया।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button