भंडारपुरी धाम को 2.90 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात, 40 स्थानों पर सेतखाम स्थापना की घोषणा
रामकुमार गुप्ता आरंग : परम पूज्य गुरु घासीदास बाबा की पावन कर्मभूमि भंडारपुरी धाम में आयोजित भव्य गुरुदर्शन एवं संत समागम मेले में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने क्षेत्र के विकास को नई गति देने वाली कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। कैबिनेट मंत्री एवं आरंग विधायक गुरु खुशवंत साहेब की मांग पर मुख्यमंत्री ने शिक्षा एवं नगरीय सुविधाओं के विस्तार के लिए 2 करोड़ 90 लाख रुपये के विकास कार्यों की सौगात दी। इसके साथ ही अनुसूचित जाति विकास प्राधिकरण के माध्यम से 40 स्थानों पर सेतखाम स्थापित करने की घोषणा भी की गई। वहीं, मुख्यमंत्री एवं मंत्री की उपस्थिति में रायपुर जिले के तीन महत्वपूर्ण सड़क निर्माण एवं उन्नयन कार्यों का भूमिपूजन संपन्न हुआ। इन कार्यों की कुल प्रशासनिक स्वीकृति राशि 28 करोड़ 96 लाख 82 हजार रुपये है।
राजागुरु धर्मगुरु गुरु बालदास साहेब के पावन सान्निध्य में आयोजित इस भव्य समागम में धार्मिक आस्था, गुरु परंपरा, सामाजिक एकता और विकास का अनूठा संगम देखने को मिला। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, कैबिनेट मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, अन्य मंत्री, विधायक, जनप्रतिनिधि, संत-महात्मा और बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।
मंत्री गुरु खुशवंत साहेब की मांग पर चार विकास कार्यों की घोषणा
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने क्षेत्र में शिक्षा एवं नगरीय अधोसंरचना को मजबूत करने के उद्देश्य से चार निर्माण कार्यों की घोषणा की। इनमें मंदिर हसौद स्थित पीएमश्री स्कूल में प्रथम तल पर अतिरिक्त कक्ष निर्माण के लिए 1 करोड़ रुपये, शासकीय हाईस्कूल खम्हतराई में भवन निर्माण के लिए 75 लाख रुपये, ग्राम ओड़का में नवीन शासकीय प्राथमिक शाला भवन निर्माण के लिए 30 लाख रुपये तथा नगर पंचायत चंदखुरी कार्यालय के प्रथम तल के निर्माण के लिए 85 लाख रुपये स्वीकृत करने की घोषणा शामिल है।
इन चारों कार्यों पर कुल 2 करोड़ 90 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। इनसे विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं मिलने के साथ ही स्थानीय नगरीय प्रशासन की अधोसंरचना को मजबूती मिलने की उम्मीद है।
28 करोड़ 96 लाख रुपये से अधिक के सड़क कार्यों का भूमिपूजन
गुरुदर्शन एवं संत समागम मेले के अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय एवं कैबिनेट मंत्री गुरु खुशवंत साहेब की उपस्थिति में लोक निर्माण विभाग के अंतर्गत रायपुर जिले के तीन महत्वपूर्ण सड़क निर्माण एवं उन्नयन कार्यों का भूमिपूजन किया गया। इन कार्यों की कुल प्रशासनिक स्वीकृति राशि 28 करोड़ 96 लाख 82 हजार रुपये है।
भूमिपूजन किए गए प्रमुख कार्यों में छतोना-दखवा कटेसर-बड़गांव-कुण्डा-नारा-लखौली मार्ग के 29 किलोमीटर हिस्से के उन्नयन एवं नवीनीकरण के लिए 17 करोड़ 34 लाख 99 हजार रुपये, नरदहा आंतरिक मार्ग के 2 किलोमीटर निर्माण के लिए 3 करोड़ 30 लाख 78 हजार रुपये तथा चंदखुरी-मोहदी-अटसैना मार्ग के 4 किलोमीटर हिस्से के चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण के लिए 8 करोड़ 31 लाख 5 हजार रुपये शामिल हैं।
इन सड़क परियोजनाओं के पूरा होने से क्षेत्र में आवागमन सुगम होने, ग्रामीण क्षेत्रों की संपर्क व्यवस्था बेहतर होने तथा सड़क अधोसंरचना को मजबूती मिलने की उम्मीद है।
40 स्थानों पर स्थापित होंगे सेतखाम
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अनुसूचित जाति विकास प्राधिकरण के माध्यम से 40 स्थानों पर सेतखाम स्थापना की घोषणा की। सेतखाम सतनामी समाज की धार्मिक आस्था, आध्यात्मिक चेतना और गुरु परंपरा का महत्वपूर्ण प्रतीक है। इस घोषणा को समाज की धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल के रूप में देखा जा रहा है।
भंडारपुरी धाम सतनामी समाज की आस्था का प्रमुख केंद्र है। परम पूज्य गुरु घासीदास बाबा के सत्य, समानता, मानवता और सदाचार के संदेश आज भी समाज को सामाजिक समरसता, सद्भाव और नैतिक जीवन की प्रेरणा देते हैं।
पारंपरिक पूजा-अर्चना के साथ हुआ मेले का शुभारंभ
गुरुदर्शन एवं संत समागम मेले की शुरुआत भंडारपुरी धाम स्थित गुरुद्वारा में विधिवत पूजा-अर्चना के साथ हुई। गुरुजनों ने पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद प्राप्त किया। इसके बाद गुरुजन घोड़ा-बग्गी में सवार होकर भव्य पारंपरिक यात्रा के साथ धर्ममंच तक पहुंचे। इस दौरान श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। पूरा वातावरण गुरु परंपरा, श्रद्धा और भक्ति से सराबोर रहा।
राजागुरु धर्मगुरु गुरु बालदास साहेब के सान्निध्य में आयोजित इस समागम में गुरु सोमेश बाबा एवं गुरु सौरभ साहेब सहित संत-महात्माओं की उपस्थिति ने आयोजन की धार्मिक गरिमा बढ़ाई। बड़ी संख्या में श्रद्धालु गुरुजनों के दर्शन और आशीर्वाद प्राप्त करने के लिए भंडारपुरी धाम पहुंचे।
आस्था, सामाजिक समरसता और विकास का संगम
भंडारपुरी धाम में आयोजित यह समागम धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं के निर्वहन के साथ क्षेत्रीय विकास की दृष्टि से भी महत्वपूर्ण रहा। एक ओर गुरुजनों के दर्शन, पूजा-अर्चना और संत समागम के माध्यम से समाज की आस्था एवं परंपरा को मजबूती मिली, वहीं दूसरी ओर शिक्षा, नगरीय सुविधाओं और सड़क निर्माण से जुड़ी घोषणाओं ने विकास की नई संभावनाएं प्रस्तुत कीं।
कैबिनेट मंत्री एवं आरंग विधायक गुरु खुशवंत साहेब की मांग पर की गई घोषणाओं तथा मुख्यमंत्री की उपस्थिति में सड़क निर्माण कार्यों के भूमिपूजन से क्षेत्र में विकास गतिविधियों को गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। गुरु घासीदास बाबा की कर्मभूमि भंडारपुरी धाम में आयोजित इस आयोजन ने गुरु परंपरा, सामाजिक एकता और जनकल्याण के संदेश को प्रमुखता से सामने रखा।
संत-महात्माओं, मंत्रियों एवं जनप्रतिनिधियों की रही उपस्थिति
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, राजागुरु धर्मगुरु गुरु बालदास साहेब, कैबिनेट मंत्री एवं आरंग विधायक गुरु खुशवंत साहेब, कैबिनेट मंत्री टंकराम वर्मा, विधायक रोहित साहू, विधायक इंद्रकुमार साहू, निगम/आयोग उपाध्यक्ष राजीव लोचनदास महाराज, अंजय शुक्ला, प्रहलाद रजक, भाजपा रायपुर ग्रामीण जिला अध्यक्ष श्याम नारंग, रायपुर जिला पंचायत अध्यक्ष नवीन अग्रवाल तथा जांजगीर जिला पंचायत अध्यक्ष सत्यलता आनंद मीरी सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
इसके अलावा सतनामी समाज एवं अखिल भारतीय सतनाम सेना के पदाधिकारियों, सदस्यों, कार्यकर्ताओं और बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने कार्यक्रम में सहभागिता की। संत-महात्माओं के सान्निध्य, गुरुजनों के दर्शन और श्रद्धालुओं की व्यापक भागीदारी से भंडारपुरी धाम में श्रद्धा, भक्ति और सामाजिक समरसता का वातावरण बना रहा।
