छत्तीसगढ़

एनसीबी औषधि प्रशासन की टीम ने 11 मेडिकल स्टोर्स में दबिश

चार को नोटिस जारी
छत्तीसगढ़ संवाददाता

रायपुर, 23 अक्टूबर । स्वापक नियंत्रण ब्यूरो (एनसीबी) और खाद्य एवं औषधि प्रशासन, जिला रायपुर की संयुक्त टीम ने आज जिले के 11 मेडिकल स्टोर्स का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान मेडिकल स्टोर्स में औषधियों के क्रय-विक्रय, उपलब्ध स्टॉक, भंडारण व्यवस्था और संबंधित अभिलेखों की जांच की गई। टीम ने यह भी देखा कि औषधियों की खरीदी अधिकृत स्रोतों से हो रही है या नहीं तथा क्रय-विक्रय और स्टॉक का रिकॉर्ड निर्धारित नियमों के अनुरूप रखा जा रहा है या नहीं।

जांच में सर मेडिकल्स, भनपुरी; श्री राम मेडिकल स्टोर्स, कोटा; लक्ष्मी मेडिकल शॉप, संतोषी नगर; और मां लक्ष्मी मेडिकल स्टोर्स, कुकुरबेड़ा में औषधियों के क्रय-विक्रय संबंधी अभिलेखों के संधारण में अनियमितताएं पाई गईं। संबंधित चारों फर्मों को अपना पक्ष प्रस्तुत करने का अवसर देते हुए कारण बताओ नोटिस जारी किए जा रहे हैं। फर्मों से प्राप्त जवाब और उपलब्ध अभिलेखों की जांच के बाद तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
दल में खाद्य एवं औषधि प्रशासन की ओर से औषधि निरीक्षक डॉ. सुरेश कुमार साहू, ईश्वरी नारायण सिंह, श्रीमती लक्ष्मी वर्मा, श्रीमती हंसा साहू और ओम प्रकाश यादव शामिल थे। स्वापक नियंत्रण ब्यूरो के चार अधिकारी भी दल में मौजूद रहे।

खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने मेडिकल स्टोर संचालकों से अपील की है कि वे केवल वैध स्रोतों से औषधियों का क्रय करें, स्टॉक और क्रय-विक्रय के अभिलेख अद्यतन रखें तथा लाइसेंस की शर्तों सहित लागू नियमों का कड़ाई से पालन करें।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button