Dhamtari Crime News: शराब दुकान की छत तोड़कर चोरी, CCTV से दो आरोपी गिरफ्तार, शराब और नकदी बरामद
धमतरी, 26 अक्टूबर। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में दानीटोला स्थित देशी-विदेशी शराब दुकान की छत तोड़कर चोरी करने के मामले का सिटी कोतवाली पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी की शराब और एक हजार रुपये नकद बरामद किए गए हैं। पुलिस ने आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, दानीटोला स्थित शराब दुकान में मुख्य विक्रेता के पद पर कार्यरत दुर्गेश सोनकर (34 वर्ष), निवासी महात्मा गांधी वार्ड धमतरी ने सिटी कोतवाली थाने में चोरी की शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि दुकान बंद कर घर जाने के बाद अगली सुबह जब वह दुकान खोलने पहुंचे तो छत पर लगी सीमेंट शीट टूटी हुई थी। दुकान के अंदर रखी अलमारी भी अपनी जगह से खिसकी हुई मिली।
दुकान की जांच करने पर गल्ले में रखे करीब 2,400 रुपये नकद और विभिन्न ब्रांड की शराब की बोतलें एवं पौवा गायब मिले। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 253/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 331(4), 305(क) और 3(5) के अंतर्गत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
SP भावना पांडेय के निर्देशन में सिटी कोतवाली पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में संदिग्ध व्यक्ति चोरी की वारदात को अंजाम देते दिखाई दिया। इसके आधार पर पुलिस ने जयेश शर्मा और दानेश्वर बनबेर को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
पूछताछ और आरोपियों के मेमोरेंडम कथन के आधार पर पुलिस ने चोरी की गई व्हाइट रैबिट और सेवन हावर्स ब्रांड की शराब के पौवा तथा एक हजार रुपये नकद बरामद किए। बरामद नकदी में 20-20 रुपये के 50 नोट शामिल हैं। जब्ती की कार्रवाई गवाहों की मौजूदगी में की गई।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जयेश शर्मा (25 वर्ष), पिता घनश्याम शर्मा, निवासी संदर बाजार धमतरी और दानेश्वर बनबेर (25 वर्ष), पिता दिनेश बनबेर, निवासी बठेना पारा, जेल रोड, गौरा चौरा के पास धमतरी के रूप में हुई है। दोनों आरोपी सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। मामले में आगे की जांच जारी है।
धमतरी पुलिस ने व्यापारियों और दुकानदारों से अपने प्रतिष्ठानों में सीसीटीवी कैमरे लगाने और सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम करने की अपील की है। साथ ही किसी भी संदिग्ध गतिविधि या चोरी की घटना की जानकारी तत्काल नजदीकी पुलिस थाने को देने की सलाह दी है।

