ताजा खबर

महासमुंद पुलिस की बड़ी कार्रवाई: XUV कार से 41.590 किलो गांजा जब्त, दो अंतर्राज्यीय तस्कर गिरफ्तार।

विकास नंद/सर्वव्यापी

महासमुंद जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन निश्चय के तहत बसना पुलिस और एएनटीएफ की संयुक्त टीम को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने पदमपुर रोड पर नाकाबंदी कर महिंद्रा XUV 500 कार से 41.590 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। मामले में मध्य प्रदेश के सतना जिले के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने गांजा, कार और तीन मोबाइल फोन सहित कुल 31 लाख 14 हजार 500 रुपये की संपत्ति जब्त की है।

मुखबिर की सूचना पर हुई कार्रवाई

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 26 अक्टूबर 2026 को विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिली कि सफेद रंग की महिंद्रा XUV 500 कार क्रमांक MP 17 CC 1110 में दो व्यक्ति भारी मात्रा में गांजा लेकर पदमपुर (ओडिशा) की ओर से बसना होते हुए सतना (मध्य प्रदेश) जा रहे हैं। गांजे को बिक्री के लिए ले जाने की सूचना पर थाना बसना पुलिस एवं एएनटीएफ की टीम ने थाना बसना के सामने पदमपुर रोड पर नाकाबंदी की।इस दौरान संदिग्ध कार को घेराबंदी कर रोका गया। वाहन में सवार दोनों व्यक्तियों से पूछताछ के बाद कार की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान डिक्की में रखी दो प्लास्टिक की बोरियों से कुल 41.590 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। पुलिस के अनुसार, आरोपी गांजे के परिवहन से संबंधित कोई वैध दस्तावेज या लाइसेंस प्रस्तुत नहीं कर सके।

सतना जिले के रहने वाले हैं दोनों आरोपी

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान प्रमोद कुशवाहा (40 वर्ष), पिता सौंखीलाल कुशवाहा तथा कृष्णपाल कुशवाहा (38 वर्ष), पिता जयलाल कुशवाहा के रूप में हुई है। दोनों आरोपी ग्राम चन्दई, थाना जैतवारा, जिला सतना (मध्य प्रदेश) के निवासी बताए गए हैं।पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध थाना बसना में एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(ख)(ii)(सी) के तहत वैधानिक कार्रवाई की है।

31 लाख रुपये से अधिक की संपत्ति जब्त

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने निम्नलिखित संपत्ति जब्त की है—41.590 किलोग्राम गांजा: कीमत 20 लाख 79 हजार 500 रुपये।महिंद्रा XUV 500 कार: अनुमानित कीमत 10 लाख रुपये।तीन मोबाइल फोन: अनुमानित कीमत 35 हजार रुपये।इस प्रकार जब्त संपत्ति की कुल अनुमानित कीमत 31 लाख 14 हजार 500 रुपये बताई गई है।

तस्करी के नेटवर्क पर पुलिस की नजर

महासमुंद पुलिस द्वारा ऑपरेशन निश्चय के तहत अवैध मादक पदार्थों की तस्करी, परिवहन और बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए लगातार निगरानी एवं वाहन जांच की जा रही है। पुलिस के अनुसार, सटीक मुखबिर सूचना, त्वरित कार्रवाई और पुलिस टीमों के समन्वय से गांजे की इस खेप को पकड़ने में सफलता मिली।

ओडिशा से छत्तीसगढ़ के रास्ते मध्य प्रदेश तक गांजा पहुंचाने की कथित योजना के मद्देनजर यह कार्रवाई अंतरराज्यीय मादक पदार्थ तस्करी पर अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button