छत्तीसगढ़

कैशलेस चिकित्सा को कैबिनेट की मंजूरी पर फेडरेशन ने जताया सरकार का आभार

छत्तीसगढ़ संवाददाता
रायपुर, 27अक्टूबर । छत्तीसगढ़ कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन ने प्रदेश के शासकीय कर्मचारियों एवं अधिकारियों तथा उनके परिवारों के लिए बहुप्रतीक्षित कैशलेस चिकित्सा सुविधा को कैबिनेट की मंजूरी मिलने पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ,वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी एवं स्वास्थ्य मंत्री के प्रति हृदय से आभार व्यक्त किया है।

फेडरेशन ने कहा कि यह निर्णय प्रदेश के लाखों कर्मचारियों, अधिकारियों एवं उनके परिवारों के लिए बड़ी राहत लेकर आएगा। गंभीर बीमारी अथवा आकस्मिक चिकित्सा की स्थिति में उपचार के लिए तत्काल बड़ी धनराशि की व्यवस्था करने की चिंता कम होगी। कर्मचारी हित में लिया गया यह निर्णय चिकित्सा सुरक्षा की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

फेडरेशन ने शासन के इस निर्णय का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई है कि योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए शीघ्र आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए जाएंगे, ताकि कर्मचारियों, अधिकारियों एवं पेंशनरों को कैशलेस चिकित्सा सुविधा का वास्तविक लाभ मिल सके।

फेडरेशन संयोजक कमल वर्मा ने यह भी उल्लेख किया कि कर्मचारियों की 11 सूत्रीय मांगों को लेकर संगठन निरंतर संघर्षरत रहा है। कैशलेस चिकित्सा सुविधा इन प्रमुख मांगों में शामिल थी। फेडरेशन ने इस मांग को पूरा करने की दिशा में शासन द्वारा लिए गए निर्णय को कर्मचारी संगठनों के निरंतर प्रयासों का महत्वपूर्ण परिणाम बताया।

फेडरेशन ने आशा व्यक्त की कि शासन भविष्य में भी कर्मचारियों एवं अधिकारियों की लंबित मांगों पर सकारात्मक पहल करते हुए उनके हितों को प्राथमिकता देगा।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button