दीपावली से पहले मिलावटखोरों पर खाद्य विभाग का शिकंजा, जिले में 29 खाद्य नमूनों की जांच प्रतिष्ठानों में मिलीं अनियमितताएं, कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू।
विकास नंद/ सर्वव्यापी
दीपावली पर्व पर मिठाइयों और अन्य खाद्य पदार्थों की बढ़ती मांग के बीच खाद्य पदार्थों में मिलावट रोकने के लिए महासमुंद जिले में खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने विशेष जांच अभियान तेज कर दिया है। आम नागरिकों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य प्रतिष्ठानों का लगातार निरीक्षण किया जा रहा है। अक्टूबर माह में अब तक जिले से कुल 29 खाद्य नमूने संकलित किए गए हैं, जिनमें 16 विधिक और 13 सर्विलेंस नमूने शामिल हैं।आयुक्त, खाद्य सुरक्षा, छत्तीसगढ़ एवं कलेक्टर विनय कुमार लंगेह के निर्देशानुसार चलाए जा रहे इस अभियान के तहत खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुपालन की जांच की जा रही है। विभाग का उद्देश्य त्योहार के दौरान मिलावट पर प्रभावी नियंत्रण रखना और उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।
मिठाई से लेकर खाद्य तेल तक के नमूने जांच के दायरे में
जांच अभियान के दौरान दही, खोया, मैगी, साबूदाना, शक्कर, मूंगफली, सूजी, रसगुल्ला, सोनपापड़ी, खाद्य तेल, पनीर, पेड़ा, कलाकंद, कॉफी पाउडर, पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर, बूंदी लड्डू, दूध, बर्फी, मिल्क केक, मावा टोस्ट और सिल्वर लीफ (चांदी का वर्क) सहित विभिन्न खाद्य पदार्थों के नमूने लिए गए हैं। इनकी जांच के माध्यम से यह पता लगाया जा रहा है कि खाद्य सामग्री निर्धारित गुणवत्ता एवं सुरक्षा मानकों के अनुरूप है या नहीं।
निरीक्षण में मिली अनियमितताएं, कार्रवाई की प्रक्रिया जारी
खाद्य प्रतिष्ठानों के निरीक्षण के दौरान भी विभिन्न अनियमितताएं सामने आई हैं। मेसर्स श्री भैरव बीकानेर स्वीट्स, महासमुंद और मेसर्स केसरिया ढाबा, घोड़ारी में अनियमितताएं पाए जाने पर आवश्यक कार्रवाई की प्रक्रिया की जा रही है।वहीं, मेसर्स होटल हवेली इन, झलप के किचन में स्वच्छता का अभाव पाए जाने पर खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने सुधार सूचना (इंप्रूवमेंट नोटिस) जारी करने की अनुशंसा की है। विभाग द्वारा खाद्य प्रतिष्ठानों में स्वच्छता बनाए रखने और खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने पर जोर दिया जा रहा है।
मिठाई खरीदते समय बरतें सावधानी
खाद्य एवं औषधि प्रशासन, जिला महासमुंद ने नागरिकों से अपील की है कि दीपावली पर मिठाइयां एवं अन्य खाद्य सामग्री खरीदते समय सावधानी बरतें। खाद्य पदार्थ विश्वसनीय प्रतिष्ठानों से ही खरीदें। पैकेट बंद सामग्री लेते समय निर्माण तिथि, समाप्ति तिथि, सामग्री का विवरण और अन्य आवश्यक लेबल संबंधी जानकारियों की जांच जरूर करें।खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, स्वच्छता अथवा मिलावट से संबंधित किसी भी प्रकार की अनियमितता सामने आने पर विभाग को सूचित करने की अपील की गई है।त्योहार के दौरान आम लोगों को सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने और मिलावट पर नियंत्रण के लिए विशेष जांच अभियान लगातार जारी रहेगा।


