ब्राज़ील आम चुनाव में हार के बाद बोल्सोनारो अमेरिका पहुंचे, लूला ने ‘शर्मनाक’ बताया

रविवार को ब्राज़ील के राष्ट्रपति चुनाव में हार के बाद फ़्लावियो बोल्सोनारो ब्राज़ील छोड़कर अमेरिका के फ़्लोरिडा पहुंच गए हैं.
अमेरिकी विदेश मंत्रालय ने बीबीसी को बताया है कि वह बोल्सोनारो और उनके परिवार को वीज़ा जारी करेगा.
ब्राज़ील के राष्ट्रपति लुइज़ इनासियो लूला डा सिल्वा ने बोल्सोनारो के देश छोड़ने को शर्मनाक बताया है.
ब्राज़ील की पुलिस का कहना है कि सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बावजूद दस्तावेज़ जमा नहीं करने पर बोल्सोनारो के पासपोर्ट रद्द कर दिए गए थे.
लूला ने कहा कि जब उनसे अपना पासपोर्ट जमा करने के लिए कहा गया था, तो उन्होंने ऐसा किया था. भ्रष्टाचार के आरोपों के ख़िलाफ़ उनकी अपील ख़ारिज होने के बाद अदालत ने उनसे पासपोर्ट जमा करने को कहा था.
साल 2018 में रिश्वतखोरी से जुड़े मामले को लेकर भी उन्हें क़ानूनी लड़ाई का सामना करना पड़ा था.
लूला ने कहा कि बोल्सोनारो को भी ऐसा ही करना चाहिए था. उन्होंने कहा, ब्राज़ील उनका दूसरा वतन है, उनका पहला वतन अमेरिका की चापलूसी करना है.
इसी भाषण में लूला ने यह भी कहा, जिनके पास छिपाने के लिए कुछ नहीं है, उन्हें डरने की भी कोई ज़रूरत नहीं है.
बोल्सोनारो कथित भ्रष्टाचार और मनी लॉन्ड्रिंग के मामलों में जांच का सामना कर रहे हैं. हालांकि, उन्होंने इन आरोपों से इनकार किया है.
दक्षिणपंथी उम्मीदवार बोल्सोनारो को वामपंथी नेता लूला के हाथों चुनाव में हार का सामना करना पड़ा.(bbc.com/hindi)

