छत्तीसगढ़

शराब के नशे में लगाई आग से पत्नी की मौत; दो बच्चे हुए बेसहारा

छत्तीसगढ़ संवाददाता

जांजगीर-चांपा, 28 अक्टूबर। जांजगीर-चांपा जिले के अकलतरा क्षेत्र में घरेलू विवाद के दौरान पत्नी को आग लगाने के आरोप में गिरफ्तार पति अब जेल में है। गंभीर रूप से झुलसी महिला ने छह दिन तक जिंदगी के लिए संघर्ष करने के बाद दम तोड़ दिया। इस घटना से दंपती के 10 और 12 साल के दो बच्चे मां से वंचित हो गए हैं और पिता जेल में है।

जानकारी के मुताबिक, पोड़ीभाठा में दुर्गा मंदिर के पीछे रहने वाले मनीराम यादव पर आरोप है कि उसने 12 अक्टूबर को शराब के नशे में पत्नी रुक्मणी पर तारपीन का तेल डालकर आग लगा दी। महिला करीब 65 प्रतिशत झुलस गई थी।

उसे इलाज के लिए पहले बिलासपुर के छत्तीसगढ़ आयुर्विज्ञान संस्थान (सिम्स) ले जाया गया। हालत में सुधार नहीं होने पर रायपुर के मेकाहारा अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

पुलिस ने घटना के अगले दिन आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया था।

स्थानीय जानकारी के अनुसार, आरोपी शराब का आदी था और पत्नी के चरित्र पर संदेह करते हुए उसे परेशान करता था। 12 अक्टूबर को नशे की हालत में हुए विवाद के दौरान उसने कथित तौर पर पत्नी को आग लगा दी। मां की मौत और पिता के जेल में होने से दोनों बच्चों के सामने अब परवरिश और सुरक्षा का संकट खड़ा हो गया है।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button