छत्तीसगढ़

एपीएल-बीपीएल राशन कार्डधारियों को जनवरी से मिलेगा सुपर फाइन चावल

किसान संघ की मांगों पर विचार कर रही सरकार

छत्तीसगढ़ संवाददाता

रायपुर, 28 अक्टूबर। कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने कहा है कि प्रदेश में एपीएल और बीपीएल राशन कार्डधारियों को जनवरी से सुपर फाइन चावल उपलब्ध कराया जाएगा। पहले चावल में 25 से 30 प्रतिशत तक ब्रोकन होता था। केंद्र के फैसले के बाद अब प्रदेश में भी राशन कार्डधारियों को सुपर फाइन चावल मिलना शुरू हो जाएगा।

नेताम ने एकात्म परिसर में प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि धान खरीदी को लेकर कैबिनेट में विस्तार से चर्चा हुई है और कई अहम फैसले लिए गए हैं। प्रदेश में 15 नवंबर से धान खरीदी शुरू होगी। किसानों से 3100 रुपए प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदा जाएगा।

कृषि मंत्री ने कहा कि धान बेचने और टोकन कटाने के लिए किसानों को परेशानियों का सामना करना पड़ता था। इसे देखते हुए इस बार एक साथ 360 नए धान उपार्जन केंद्र खोले गए हैं। इससे किसानों को सुविधा होगी। इन केंद्रों में कर्मचारियों और मजदूरों की जरूरत पड़ेगी, जिससे बड़ी संख्या में लोगों को रोजगार भी मिलेगा।

उन्होंने कहा कि धान के बदले दूसरी फसल लेने वाले किसानों को प्रति एकड़ 15 हजार रुपए प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। पहले यह राशि 11 हजार रुपए थी। किसानों के हित में कई महत्वपूर्ण फैसले लिए गए हैं। किसानों की एग्रीस्टेक आईडी बनाई जा चुकी है। इसके बाद अन्य आईडी या ऋण पुस्तिका की जरूरत नहीं होगी। डिजिटल व्यवस्था के माध्यम से किसानों से संबंधित जानकारी उपलब्ध रहेगी।

नेताम ने कहा कि किसानों के रकबे का डिजिटल सर्वे कराया जा रहा है। इससे जमीन का पूरा ब्योरा उपलब्ध होगा और किसानों को संबंधित जानकारी के लिए पटवारियों के पास जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी।

कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने भारतीय किसान संघ की मांगों पर कहा कि संघ के लोग अपने हैं और उनकी मांगें वाजिब हैं। सरकार इन मांगों पर विचार कर रही है।

पिछली सरकार के कार्यकाल के 1700 करोड़ रुपए के बकाया भुगतान के सवाल पर नेताम ने कहा कि भूपेश सरकार ने राशि नहीं दी थी। उन्होंने कहा कि किसानों की समस्याओं का काफी हद तक निराकरण किया गया है। गन्ना किसानों के लिए कीमत बढ़ाई गई है और टोकन सहित अन्य समस्याओं से जुड़ी विसंगतियों को दूर किया गया है। किसान संघ की मांगों पर भी विचार किया जा रहा है।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button