ईडी-ईओडब्ल्यू की छह शहरों में दबिश, अनवर ढेबर के घर भी जांच

छत्तीसगढ़ संवाददाता
रायपुर, 30 अक्टूबर। कांग्रेस शासनकाल में हुए कोल लेवी, शराब और अन्य घोटालों को लेकर ईडी और ईओडब्ल्यू की टीमों ने शुक्रवार सुबह प्रदेश के छह शहरों में डेढ़ दर्जन से अधिक कारोबारियों के ठिकानों पर छापेमारी शुरू की। राजधानी रायपुर सहित गरियाबंद, बिलासपुर, दुर्ग, धमतरी और भिलाई में टीमें जांच कर रही हैं। रायपुर में अनवर ढेबर के घर पर एक बार फिर छापेमारी की कार्रवाई चल रही है। वहीं ईओडब्ल्यू-एसीबी की टीमें कोल लेवी और शराब घोटाले से जुड़े मामलों में जांच कर रही हैं।
पिछले चार-पांच घंटे से रायपुर के वीआईपी एस्टेट स्थित सुदर्शन हाउस में सुदर्शन शर्मा के घर पर जांच जारी है। शर्मा रियल एस्टेट कारोबारी हैं और शराब घोटाले से जुड़े मामले में जांच के दायरे में हैं। वहीं अवंति विहार में प्रॉपर्टी डीलर विनोद धनेचा के घर ईओडब्ल्यू की टीम पहुंची है। विनोद को अनवर ढेबर का निवेशक बताया जा रहा है।
नवापारा-राजिम में शांतिविजय ज्वेलर्स और नवकार ज्वेलर्स के संचालक विमल पारख एवं राजा पारख के ठिकानों पर भी जांच चल रही है। इनका कपड़ों का कारोबार भी है। उधर, राजनांदगांव में जय बग्गा और वैभव गोलछा के ठिकानों पर टीमें पहुंची हैं। वैभव रेत खनन कारोबारी हैं, जबकि जय बग्गा का ई-व्हीकल, ट्रैक्टर और होटल का कारोबार है। भिलाई-3 में ट्रांसपोर्टर जितेंद्र सिंह के ठिकानों पर भी ईओडब्ल्यू की टीम जांच कर रही है।



