आईपीएल: मुंबई इंडियंस ने रॉबिन उथप्पा को बनाया बैटिंग कोच

मुंबई इंडियंस ने भारतीय पुरुष टीम के बल्लेबाज़ रहे रॉबिन उथप्पा को आईपीएल के लिए बैटिंग कोच की ज़िम्मेदारी दी है.
मुंबई इंडियंस ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा, हमारे पहले सीजन का हिस्सा बनने से लेकर अनुभव के लंबे सफर के बाद वापसी करने तक. रॉबी को खेल की गहरी समझ है.
उनकी कम्युनिकेशन स्किल अच्छी है और उनमें युवा खिलाड़ियों को सही दिशा देने की क्षमता है. पलटन में आपका फिर से स्वागत है, रॉबिन. आप हमारे नए बैटिंग कोच हैं.
इसके साथ ही टीम ने न्यूज़ीलैंड के पूर्व तेज़ गेंदबाज़ मिचेल मैक्लेनघन को बॉलिंग कोच बनाया है. वह मुंबई इंडियंस के लिए आईपीएल भी खेल चुके हैं.
मुंबई इंडियंस ने एक्स पर लिखा, वह फैंस के पसंदीदा खिलाड़ियों में से एक रहे हैं, जिन्होंने हमेशा टीम के प्रति अपना समर्पण दिखाया और मुंबई इंडियंस की भावना को अपने खेल में उतारा. मिचेल मैक्लेनघन, घर वापसी पर आपका स्वागत है.(bbc.com/hindi)



