आयुष्मान योजना के कार्य में असंतोषजनक प्रगति पर दो कर्मचारियों को बर्खास्त करने कलेक्टर ने दिए निर्देश।
नूर मोहम्मद ,जिला ब्यूरो चीफ,गौरेला-पेंड्रा-मरवाही(सर्वव्यापी)
कलेक्टर विजय दयाराम के. की अध्यक्षता में जिला चिकित्सालय के सभाकक्ष में आयोजित जीवन दीप समिति की कार्यकारिणी समिति की बैठक में आयुष्मान योजना के अंतर्गत किए जा रहे कार्यों की समीक्षा की गई। आईपीडी में भर्ती मरीजों की संख्या के अनुपात में आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत लाभान्वित मरीजों की संख्या में भारी कमी पाई गई। योजना के अंतर्गत क्लेम में कमी तथा कार्य संतोषप्रद नहीं पाए जाने पर कलेक्टर ने जीवन दीप समिति के आयुष्मान ऑपरेटर अजय कुमार राठौर और अक्षय गुप्ता को बर्खास्त करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने असंतोषजनक कार्यप्रगति को गंभीरता से लेते हुए संबंधित दोनों कर्मचारियों के विरुद्ध नियमानुसार बर्खास्तगी की कार्रवाई करने कहा। आयुष्मान योजना के सुचारु क्रियान्वयन के लिए पात्र मरीजों के उपचार से संबंधित अभिलेखों का व्यवस्थित संधारण एवं क्लेम की प्रक्रिया समय पर पूर्ण करना आवश्यक है, जिससे कोई भी पात्र मरीज जानकारी के अभाव में आयुष्मान भारत योजना के लाभ से वंचित नहीं रहे तथा योजना का लाभ पारदर्शी एवं प्रभावी तरीके से हितग्राहियों तक पहुंचे।
