छत्तीसगढ़

राष्ट्रीय एकता दिवस पर जांजगीर में दौड़े अधिकारी, जनप्रतिनिधि और विद्यार्थी, कलेक्टर-एसपी ने दिया एकता का संदेश

जांजगीर-चांपा, 31 अक्टूबर 2026। लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में राष्ट्रीय एकता दिवस पर जांजगीर में एकता दौड़ (Run for Unity) का आयोजन किया गया। जांजगीर-चांपा पुलिस द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में कलेक्टर जन्मेजय महोबे, पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय, पूर्व सांसद कमला देवी पाटले सहित जनप्रतिनिधियों, पुलिस अधिकारियों, गणमान्य नागरिकों और स्कूली विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान राष्ट्रीय एकता, अखंडता और भाईचारे का संदेश दिया गया।

जिला मुख्यालय में शनिवार सुबह 7 बजे नेताजी चौक से एकता दौड़ की शुरुआत हुई। दौड़ कचहरी चौक होते हुए मुख्य मार्ग से हाईस्कूल मैदान के सामने स्थित सरदार वल्लभभाई पटेल गार्डन पहुंची। यहां सरदार पटेल की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई। कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने देश की एकता और अखंडता को बनाए रखने का संदेश दिया।

इस अवसर पर सरदार वल्लभभाई पटेल के राष्ट्र निर्माण में ऐतिहासिक योगदान को याद किया गया। वक्ताओं ने कहा कि स्वतंत्रता के बाद देश की विभिन्न रियासतों का एकीकरण कर सरदार पटेल ने अखंड भारत की मजबूत नींव रखी। उनकी दृढ़ इच्छाशक्ति, दूरदर्शिता और राष्ट्र के प्रति समर्पण आज भी प्रत्येक नागरिक के लिए प्रेरणास्रोत है।

एकता दौड़ में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. यूलैंडन यार्क, जेल अधीक्षक डीडी टोंडर, डीएसपी अजाक सतरूपा तारम, सीएसपी जांजगीर योगिताबाली खापर्डे, जिला सेनानी योगिता साहू, रक्षित निरीक्षक प्रदीप कुमार जोशी, अजाक थाना प्रभारी निरीक्षक सावन कुमार सारथी और कोतवाली थाना प्रभारी जयप्रकाश गुप्ता सहित बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी एवं नागरिक उपस्थित रहे।

राष्ट्रीय एकता दिवस पर आयोजित इस दौड़ के माध्यम से युवाओं और विद्यार्थियों को सरदार पटेल के आदर्शों पर चलने तथा देश की एकता, अखंडता और सामाजिक सद्भाव को मजबूत बनाने के लिए प्रेरित किया गया।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button