कोयला कारोबारी शाहबाज खान के ठिकाने पर पहुंची ईओडब्ल्यू टीम

दस्तावेजों से लेकर मोबाइल और कंप्यूटर तक खंगाले
छत्तीसगढ़ संवाददाता
बिलासपुर, 31अक्टूबर।छत्तीसगढ़ के चर्चित शराब,कोयला लेवी और मेडिकल घोटालों की जांच में आर्थिक अपराध अन्वेषण शाखा(ईओडब्ल्यू)ने शुक्रवार को एक साथ छह जिलों में16ठिकानों पर छापेमारी की। रायपुर,दुर्ग,बिलासपुर,राजनांदगांव,कोरबा और गरियाबंद में हुई इस कार्रवाई के दौरान वित्तीय लेन-देन,संपत्ति की खरीद-बिक्री और कथित आर्थिक गड़बड़ियों से जुड़े दस्तावेजों की जांच की गई। साथ ही डिजिटल उपकरणों से भी जानकारी जुटाई गई।
ईओडब्ल्यू-एबीसी की संयुक्त टीम ने उसलापुर स्थित अलका एवेन्यू में कोयला कारोबारी शाहबाज खान के परिसर में दबिश दी। रायपुर से पहुंची टीम ने सुबह ही परिसर में प्रवेश कर जांच शुरू कर दी। यहां वित्तीय रिकॉर्ड,संपत्ति से जुड़े दस्तावेज,कंप्यूटर और मोबाइल फोन की जांच की गई। घर में मौजूद परिजनों से पूछताछ किए जाने की भी जानकारी सामने आई है।
ईओडब्ल्यू के मुताबिक शराब घोटाले में रायपुर और राजनांदगांव जिलों के छह ठिकानों पर तलाशी ली गई। कोयला लेवी घोटाले में बिलासपुर,रायपुर,दुर्ग और कोरबा के छह ठिकानों को जांच के दायरे में लिया गया।
वहीं मेडिकल घोटाले में रायपुर और गरियाबंद के चार ठिकानों पर छापेमारी की गई।
एजेंसी का कहना है कि तलाशी के दौरान संपत्ति की रजिस्ट्री,वित्तीय अनियमितताओं,संदिग्ध लेन-देन और अन्य आर्थिक गतिविधियों से जुड़े महत्वपूर्ण रिकॉर्ड मिले हैं। डिजिटल उपकरणों के साथ विभिन्न दस्तावेज और साक्ष्य भी जुटाए गए हैं। इनकी जांच से पहले से सामने आए आर्थिक लेन-देन और संबंधित लोगों के बीच कड़ियों को मजबूत करने में मदद मिलने की उम्मीद है।
शराब घोटाले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के साथ धोखाधड़ी,जालसाजी और आपराधिक साजिश से जुड़ी धाराओं में कार्रवाई की गई है। कोयला लेवी मामले में जबरन वसूली,धोखाधड़ी और जालसाजी के आरोप भी जांच का हिस्सा हैं। मेडिकल घोटाले में भी भ्रष्टाचार,आपराधिक विश्वासघात,जालसाजी और साजिश से जुड़े पहलुओं की जांच जारी है।



