सोमालिया में समुद्री लुटेरों ने ईरानी नाव को हाइजैक किया

यूरोपीय संघ की नौसैनिक सेना और पुंटलैंड के सुरक्षा अधिकारियों ने शनिवार को बताया कि हथियारबंद समुद्री लुटेरों ने सोमालिया के उत्तर-पूर्वी तट के पास मछली पकड़ने वाली एक ईरानी नाव का अपहरण कर लिया.
रॉयटर्स के मुताबिक, सोमालिया के तट पर समुद्री लूट की घटनाएं एक बार फिर बढ़ गई हैं. अप्रैल से अब तक कम से कम 15 हमले दर्ज किए गए हैं. साल 2013 के बाद यह सबसे बड़ी संख्या है.
सोमालिया के उत्तर-पूर्व में स्थित पुंटलैंड एक अर्ध-स्वायत्त क्षेत्र है.
हिंद महासागर में यूरोपीय संघ के समुद्री सुरक्षा केंद्र की ओर से जारी अलर्ट के मुताबिक, अज़िनी नाम की नाव को 29 अक्तूबर को सुबह 9 बजे जीएमटी पर सोमालिया के तट के पास अगवा किया गया. यह घटना पुंटलैंड के बंदर बिला और हाफून तटीय कस्बों के बीच हुई.
पुंटलैंड के सुरक्षा अधिकारियों ने एएफ़पी को नाव के अपहरण की पुष्टि की. उन्होंने बताया कि आठ हथियारबंद लोगों ने बेइला बंदरगाह के पास एक दूरदराज़ के तटीय इलाक़े से हमला किया था.
एक सुरक्षा अधिकारी ने कहा, जहाज़ पर सोमालिया के दो सुरक्षाकर्मी मौजूद थे, लेकिन समुद्री लुटेरों की संख्या उनसे ज़्यादा थी और वे सुरक्षाकर्मियों पर काबू पाने में कामयाब रहे.
उन्होंने आगे कहा, वे तट के पास मछली पकड़ रहे थे, इसलिए उनके अपहरण का ख़तरा ज़्यादा था.(bbc.com/hindi)



