ईरान का प्रस्ताव- अमेरिका ऐसा करता है तो दूसरे ही दिन खोल देंगे होर्मुज़ स्ट्रेट

ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराग़ची ने कहा है कि अमेरिका के साथ तनाव के बीच ईरान ने अपने प्रस्तावित सात दिवसीय प्लान को घटाकर दो दिन कर दिया है.
टेलीविज़न नेटवर्क अल जज़ीरा को दिए एक इंटरव्यू में अराग़ची ने बताया कि अगर अमेरिका पहले दिन ईरान की शर्तों को पूरा करता है, तो दूसरे दिन होर्मुज़ स्ट्रेट को खोल दिया जाएगा.
दरअसल, ईरान के 7-दिवसीय प्लान में तनाव कम करना, होर्मुज़ स्ट्रेट खोलना और नई बातचीत की शुरुआत करना शामिल था. लेकिन अब इसे दो दिन के फ़्रेमवर्क पर लाने का प्रस्ताव दिया गया है.
अराग़ची ने कहा, इस प्रस्ताव को लेकर क़तर के मध्यस्थों के साथ बातचीत जारी है. हालांकि, अभी तक इस पर कोई अंतिम सहमति नहीं बन पाई है. प्रस्ताव लागू होगा या नहीं, इसका फ़ैसला दूसरे पक्ष की ओर से ईरान के सवालों पर दिए जाने वाले जवाबों पर निर्भर करेगा.
गौरतलब है कि ईरानी विदेश मंत्री का यह बयान ऐसे समय आया है, जब फ़ारस की खाड़ी में कई अन्य तेल और गैस टैंकरों को निशाना बनाए जाने की ख़बरें सामने आई हैं.
क्या हैं ईरान की शर्तें?
ईरान के सात दिवसीय शांति प्रस्ताव के तहत शुरुआती एक से पांच दिनों में अमेरिका और उसके सहयोगियों को सैन्य संघर्ष पूरी तरह रोकना होगा, ईरानी बंदरगाहों की नौसैनिक नाकेबंदी हटानी होगी, तेल निर्यात पर लगी पाबंदियों में ढील देनी होगी और विदेशों में फ़्रीज़ की गई ईरानी संपत्तियों को बहाल करना होगा.
इसके बदले में छठे दिन ईरान स्ट्रेट ऑफ होर्मुज़ को व्यावसायिक जहाजों के लिए खोल देगा. सातवें दिन दोनों पक्षों के बीच परमाणु कार्यक्रम पर नई औपचारिक बातचीत शुरू की जाएगी.(bbc.com/hindi)



