जोधपुर: दीपावली से पहले चुनाव की तारीख बदलवाने की मांग, पानी की टंकी पर चढ़ा युवक

जोधपुर। केरु पंचायत समिति क्षेत्र की घण्टियाला ग्राम पंचायत में रविवार को पंचायत चुनाव की तारीख बदलने की मांग को लेकर एक युवक पानी की टंकी पर चढ़ गया। सूचना मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई और पुलिस भी पहुंच गई।
घण्टियाला निवासी धनसिंह राजपुरोहित का कहना है कि उनकी ग्राम पंचायत में पंचायती राज चुनाव 31 अक्टूबर को प्रस्तावित हैं। उनके अनुसार यह तारीख दीपावली से करीब एक सप्ताह पहले पड़ रही है, जिससे गांव के कई परिवार चुनाव के दिन गांव में मौजूद नहीं रह पाएंगे।
युवक का तर्क
धनसिंह राजपुरोहित का कहना है कि राजपुरोहित समाज के कई लोगों की दूसरे गांवों और शहरों में मिठाई की दुकानें हैं। दीपावली के समय इन दुकानों पर कारोबार का सबसे व्यस्त दौर रहता है, इसलिए समाज के कई लोग त्योहार से पहले अपने कामकाज वाली जगहों पर चले जाते हैं। उनका कहना है कि मतदान दीपावली से ठीक पहले होने पर बड़ी संख्या में मतदाता गांव में नहीं रह पाएंगे और मतदान प्रभावित हो सकता है। इसी मांग को लेकर वे पानी की टंकी पर चढ़ गए।
पुलिस ने समझाकर नीचे उतारा
मामले की सूचना पर राजीव गांधी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। थानाधिकारी रविन्द्रपाल सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम और ग्रामीणों ने युवक को समझाया। काफी प्रयास के बाद धनसिंह राजपुरोहित को टंकी से सुरक्षित नीचे उतार लिया गया।
राजस्थान में पंच और सरपंच पदों के चुनाव चार चरणों में हो रहे हैं। पहले चरण में 25 अक्टूबर और दूसरे चरण में 31 अक्टूबर को मतदान होगा। तीसरे और चौथे चरण का मतदान क्रमशः 6 नवंबर और 16 नवंबर को प्रस्तावित है। पंच और सरपंच पदों के लिए मतदान सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक रहेगा तथा मतदान समाप्त होने के बाद उसी दिन ग्राम पंचायत मुख्यालय पर मतगणना होगी।



