स्वामी आत्मानंद विद्यालय जमनीपाली में जिला स्तरीय राज्योत्सव प्रतियोगिताओं का आयोजन

- निबंध, भाषण एवं प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताओं में पांचों विकासखंडों के विद्यार्थियों ने लिया हिस्सा, छत्तीसगढ़ की विरासत और विकास पर रखे विचार
कोरबा, 04 नवंबर 2026। छत्तीसगढ़ राज्योत्सव के अवसर पर जिला शिक्षा विभाग द्वारा स्वामी आत्मानंद शासकीय विद्यालय, जमनीपाली में जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के अंतर्गत निबंध, भाषण एवं प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं, जिनमें जिले के पांचों विकासखंडों के चयनित छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
प्रतियोगिताओं का आयोजन तीन चरणों में किया गया। सर्वप्रथम विद्यालय स्तर पर प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। यहां उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों का चयन विकासखंड स्तर के लिए किया गया। इसके पश्चात विकासखंड स्तर पर विजेता रहे प्रतिभागियों को जिला स्तरीय प्रतियोगिता में अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिला।
प्रतियोगिताओं के दौरान विद्यार्थियों ने छत्तीसगढ़ की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, गौरवशाली परंपराओं, प्राकृतिक संपदा और विकास यात्रा पर अपने विचार प्रस्तुत किए। उन्होंने राज्य की उपलब्धियों के साथ-साथ शिक्षा, तकनीक, रोजगार, पर्यावरण संरक्षण एवं सामाजिक विकास जैसे विषयों पर भी अपनी सोच साझा की। विद्यार्थियों ने अपने लेखों और वक्तव्यों के माध्यम से छत्तीसगढ़ के उज्ज्वल भविष्य को लेकर अपने सपनों, आकांक्षाओं और सुझावों को प्रभावशाली ढंग से अभिव्यक्त किया।

कार्यक्रम में निर्णायक की भूमिका मंजुला श्रीवास्तव, गेंदलाल भास्कर एवं पुराईन बंजारे ने निभाई।
निबंध प्रतियोगिता में शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, उमरेली की खुशी देवांगन ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। स्वामी आत्मानंद विद्यालय, जमनीपाली की प्राची आदित्य द्वितीय स्थान पर रहीं, जबकि स्वामी आत्मानंद विद्यालय, गुरसिया की रागिनी सारथी एवं स्वामी आत्मानंद विद्यालय, बालको की रिया पांडेय ने संयुक्त रूप से तृतीय स्थान प्राप्त किया।
भाषण प्रतियोगिता में स्वामी आत्मानंद विद्यालय, तिलकेजा की प्राची पटेल एवं स्वामी आत्मानंद विद्यालय, जमनीपाली की डॉली यादव ने संयुक्त रूप से प्रथम स्थान प्राप्त किया। शासकीय विद्यालय, जवाली की राशि जनार्दन द्वितीय तथा स्वामी आत्मानंद विद्यालय, बालको की आयुषी सिंह तृतीय स्थान पर रहीं।
प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में स्वामी आत्मानंद विद्यालय, बालको के रितेश कुर्रे ने प्रथम स्थान हासिल किया। स्वामी आत्मानंद विद्यालय, कुसमुंडा की कुमारी प्रिया द्वितीय तथा स्वामी आत्मानंद विद्यालय, कटघोरा की मोनिका कंवर तृतीय स्थान पर रहीं।
विद्यालय के प्राचार्य अभिमन्यु साहू ने अपने संबोधन में कहा कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए इस प्रकार की प्रतियोगिताएं अत्यंत आवश्यक हैं। इनके माध्यम से विद्यार्थियों को अपने राज्य के इतिहास, संस्कृति, विरासत और विकास के बारे में अधिक जानने का अवसर मिलता है। साथ ही, यह जानकारी और जागरूकता उन्हें भविष्य में राज्य के विकास में सकारात्मक योगदान देने के लिए प्रेरित करेगी।
कार्यक्रम का संचालन रागिनी चौहान ने किया। आयोजन को सफल बनाने में अनुपमा सिंह, पीडी मणिकपुरी एवं अजय प्रताप का विशेष सहयोग रहा।



