छत्तीसगढ़

दिवाली से पहले 67.40 लाख महिलाओं के खाते में पहुंचे ₹632.63 करोड़

महतारी वंदन योजना की 33वीं किस्त जारी; अब तक 21,350 करोड़ रुपए से ज्यादा का भुगतान

रायपुर। छत्तीसगढ़ की महिलाओं को दिवाली से पहले महतारी वंदन योजना की बड़ी सौगात मिली है। राज्योत्सव के समापन समारोह में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की मौजूदगी में योजना की 33वीं किस्त जारी की। इसके तहत 67 लाख 40 हजार 410 पात्र महिलाओं के बैंक खातों में 632 करोड़ 63 लाख 67 हजार 750 रुपए ट्रांसफर किए गए।

योजना के तहत ई-केवाईसी पूरी करा चुकीं 67 लाख 33 हजार 502 महिलाओं को नियमित किस्त का लाभ मिला। वहीं, नियद नेल्ला नार कैंप क्षेत्रों की 6,908 महिलाओं के खातों में भी राशि भेजी गई। योजना में पात्र विवाहित महिलाओं को हर महीने एक हजार रुपए की आर्थिक सहायता दी जाती है।

अब तक 21,350 करोड़ रुपए से ज्यादा मिले

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व वाली सरकार ने 10 मार्च 2024 को इस योजना की शुरुआत की थी। इसका उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाना और परिवार की जरूरतों में उनकी भागीदारी बढ़ाना है। सरकार के मुताबिक, 33वीं किस्त जारी होने के साथ अब तक योजना के तहत 21 हजार 350.50 करोड़ रुपए महिलाओं के खातों में अंतरित किए जा चुके हैं।

त्योहारों पर खरीदारी में भी बढ़ी भागीदारी

योजना से मिलने वाली राशि का इस्तेमाल महिलाएं घरेलू जरूरतों के साथ बच्चों की पढ़ाई, स्वास्थ्य और अन्य जरूरी खर्चों में कर रही हैं। त्योहारों और खास मौकों पर खरीदारी के लिए भी उन्हें परिवार के दूसरे सदस्यों पर निर्भर नहीं रहना पड़ता। इससे बाजारों में महिलाओं की खरीदारी बढ़ने और स्थानीय व्यापारियों को भी फायदा मिलने की बात कही जा रही है।

सरकार का कहना है कि नियमित आर्थिक सहायता से महिलाओं का आत्मविश्वास बढ़ा है और परिवार की आर्थिक जिम्मेदारियों में उनकी भूमिका मजबूत हुई है।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button