मिडटर्म चुनावः रिपब्लिकन पार्टी के गढ़ कांटे की टक्कर, सिर्फ़ 0.1% का अंतर

अमेरिकी मिडटर्म चुनाव में मिसिसिपी में सीनेट चुनाव का मुकाबला बेहद करीबी बना हुआ है. करीब 96 फीसदी वोटों की गिनती पूरी हो चुकी है.
ताज़ा आंकड़ों के मुताबिक़, डेमोक्रेटिक उम्मीदवार स्कॉट कोलोम 1,138 वोटों से आगे चल रहे हैं. यह कुल वोटों का करीब 0.1 फ़ीसदी है.
करीब एक घंटे पहले रिपब्लिकन उम्मीदवार सिंडी हाइड-स्मिथ पर उनकी बढ़त महज 65 वोटों की थी.
मिसिसिपी में दोनों उम्मीदवारों के बीच सिर्फ़ कुछ सौ वोटों का अंतर है. परंपरागत रूप से रिपब्लिकन पार्टी के गढ़ माने जाने वाले इस राज्य में सीनेट का मुकाबला अप्रत्याशित रूप से कड़ा हो गया है.
स्कॉट कोलोम कौन हैं
स्कॉट कोलोम फ़िलहाल डिस्ट्रिक्ट अटॉर्नी के पद पर काम कर रहे हैं. इससे पहले वह प्रॉसिक्यूटर और जज भी रह चुके हैं.
पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन ने कोलोम को मिसिसिपी के नॉर्दर्न डिस्ट्रिक्ट में संघीय जज बनाने के लिए नामित किया था. हालांकि, अमेरिकी सीनेट में रिपब्लिकन सांसद सिंडी हाइड-स्मिथ ने उनके नामांकन को रोक दिया था.
मिसिसिपी का सीनेट चुनाव शुरुआत में देशभर के लोगों का ज्यादा ध्यान नहीं खींच पाया था. लेकिन हाल के हफ्तों में कई बड़े डेमोक्रेट नेताओं ने कोलोम की जीत की संभावना को देखते हुए उनके समर्थन में प्रचार किया.
इनमें पूर्व राष्ट्रपति बिल क्लिंटन, पूर्व उपराष्ट्रपति कमला हैरिस और जॉर्जिया के सीनेटर राफेल वॉर्नॉक शामिल हैं.
हाइड-स्मिथ ने जब मिसिसिपी के लोगों की महंगे बीफ को लेकर नाराजगी पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि वे प्रोटीन के किसी दूसरे विकल्प को चुन सकते हैं, तो कोलोम ने इस बयान को अपने चुनाव प्रचार का मुद्दा बना लिया. उन्होंने एक टीवी विज्ञापन जारी कर लोगों से कहा, दूसरा सीनेटर चुनिए. इस विज्ञापन की चर्चा देशभर में हुई.
अगर कोलोम जीतते हैं, तो करीब 40 साल में अमेरिकी सीनेट के लिए चुने जाने वाले मिसिसिपी के पहले डेमोक्रेट होंगे. साथ ही, रिकंस्ट्रक्शन काल के बाद राज्य के पहले अश्वेत सीनेटर भी बनेंगे.
कोलोम मिसिसिपी में सातवीं पीढ़ी के निवासी हैं और दो बच्चों के पिता हैं.(bbc.com/hindi)


