छत्तीसगढ़

FIRE BREAK: दुर्ग के जामुल में गद्दा और फोम फैक्ट्री में भीषण आग, लाखों का माल जलकर खाक होने की आशंका; 3-4 दमकल गाड़ियां जुटीं

दुर्ग, 06 नवंबर 2026। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के जामुल थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह गद्दा और फोम से फर्नीचर बनाने वाली फैक्ट्री में भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते उसने विकराल रूप ले लिया। घटना से इलाके में हड़कंप मच गया। आग पर काबू पाने के लिए दमकल विभाग की 3 से 4 गाड़ियां कई घंटों से मशक्कत कर रही हैं।

जानकारी के मुताबिक, जामुल में करुणा अस्पताल के पीछे स्थित जगदंबा गद्दा एवं फोम फैक्ट्री में सुबह अचानक आग लग गई। सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। आग बुझाने के लिए जिला दमकल विभाग, बीएसपी और जामुल से दमकल वाहनों को बुलाया गया। दमकल कर्मी लगातार आग पर काबू पाने का प्रयास कर रहे हैं, लेकिन कई घंटे बीतने के बाद भी आग पूरी तरह नियंत्रित नहीं हो सकी है।

आग बुझाने के लिए फैक्ट्री के पीछे की दीवार तोड़कर भी अंदर तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है। इस भीषण आग की चपेट में फैक्ट्री में रखा सामान और 2 से 3 चारपहिया वाहन भी आ गए हैं। आग से फैक्ट्री संचालक को लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, नुकसान का वास्तविक आकलन अभी नहीं हो पाया है।

फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। दमकल विभाग की टीम आग बुझाने में जुटी हुई है। आग पूरी तरह शांत होने के बाद ही नुकसान और घटना के कारणों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

छावनी सीएसपी प्रशांत पैकरा ने बताया कि जगदंबा गद्दा एवं फोम फैक्ट्री में आग लगने की सूचना पर पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची है। 3 से 4 दमकल गाड़ियां आग बुझाने में लगी हुई हैं। नुकसान का आकलन फिलहाल नहीं हो पाया है।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button