फ़ारुक़ अब्दुल्लाह की नाराज़ विधायकों के साथ बैठक, कहा- पार्टी तोड़ने की कोशिश करने वाले नाकाम होंगे

-जहांगीर अली
नेशनल कॉन्फ़्रेंस के अध्यक्ष डॉ. फ़ारूक़ अब्दुल्लाह ने शुक्रवार को श्रीनगर स्थित अपने आवास पर पार्टी के नाराज़ विधायकों के एक समूह से मुलाक़ात की.
इस मुलाक़ात के जरिए उन्होंने पार्टी में टूट की आशंकाओं को दूर करने की कोशिश की.
इस बैठक में उनके बेटे और जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्लाह भी शामिल हुए.
फ़ारूक़ अब्दुल्लाह ने अपने आवास के बाहर पत्रकारों से कहा, बेबुनियाद ख़बरें फैलाई जा रही हैं कि नेशनल कॉन्फ़्रेंस अलग-अलग गुटों में बंट गई है. हमारी पार्टी एकजुट है और जो लोग इसे तोड़ने की सोच रहे हैं, वे कामयाब नहीं होंगे.
पिता-पुत्र की इस जोड़ी ने पार्टी के नाराज़ विधायकों के एक समूह से मुलाक़ात की.
ये विधायक 27 अक्तूबर को उमर अब्दुल्लाह मंत्रिमंडल में चार विधायकों- शमीमा फ़िरदौस, अली मोहम्मद सागर, मीर सैफ़ुल्लाह और अल्ताफ़ कल्लू को शामिल किए जाने के बाद नाराज हो गए थे.(bbc.com/hindi)

