छत्तीसगढ़ स्टेट पावर कंपनियों में 1,501 पदों पर होगी बंपर भर्ती, ऑनलाइन आवेदन 6 नवंबर से शुरू
रायपुर,06 नवम्बर 2026। छत्तीसगढ़ में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देश पर छत्तीसगढ़ स्टेट पावर कंपनी की तीनों कंपनियों में 1,501 रिक्त पदों पर भर्ती की प्रक्रिया शुरू की जा रही है। इसके लिए 38 प्रकार के पदों पर विस्तृत भर्ती विज्ञापन जारी कर दिया गया है। इच्छुक अभ्यर्थी 6 नवंबर 2026 की शाम 8 बजे से ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। आवेदन की अंतिम तिथि 26 नवंबर 2026 निर्धारित की गई है।
छत्तीसगढ़ स्टेट पावर ट्रांसमिशन कंपनी की ओर से 5 नवंबर को जारी विस्तृत भर्ती विज्ञापन पावर कंपनी की आधिकारिक वेबसाइट cspc.co.in पर अपलोड कर दिया गया है। कुल 1,501 पदों में द्वितीय श्रेणी के 195 तथा तृतीय एवं चतुर्थ श्रेणी के 1,306 पद शामिल हैं। इस भर्ती के माध्यम से छत्तीसगढ़ स्टेट पावर जनरेशन कंपनी, ट्रांसमिशन कंपनी तथा डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी में रिक्त पदों को भरा जाएगा।
भर्ती में सबसे अधिक पद कनिष्ठ अभियंता (जूनियर इंजीनियर) इलेक्ट्रिकल और डाटा एंट्री ऑपरेटर के हैं। कनिष्ठ अभियंता इलेक्ट्रिकल के कुल 167 पदों में जनरेशन कंपनी के 11, ट्रांसमिशन कंपनी के 32 तथा डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी के 124 पद शामिल हैं। इसी तरह डाटा एंट्री ऑपरेटर के 609 पदों पर भर्ती होगी। इनमें जनरेशन कंपनी के 95, ट्रांसमिशन कंपनी के 64 तथा डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी के 450 पद निर्धारित किए गए हैं।
तकनीकी क्षेत्र में सहायक अभियंता के कुल 152 पदों पर भर्ती की जाएगी। इनमें मैकेनिकल के 26, इलेक्ट्रिकल के 92, इलेक्ट्रॉनिक्स एवं टेलीकम्युनिकेशन के 10, कंप्यूटर साइंस के 2, सूचना प्रौद्योगिकी के 2 तथा सिविल के 20 पद शामिल हैं। इसके अलावा कनिष्ठ अभियंता मैकेनिकल के 12, इलेक्ट्रॉनिक्स एवं टेलीकम्युनिकेशन के 9, कंप्यूटर साइंस के 1, सूचना प्रौद्योगिकी के 1 तथा सिविल के 26 पदों पर भी नियुक्तियां की जाएंगी।
अन्य पदों में फायर ऑफिसर, सब फायर ऑफिसर, सुरक्षा अधिकारी, सुरक्षा निरीक्षक, सुरक्षा उप निरीक्षक, शिफ्ट केमिस्ट, प्रोग्रामर, लेखा अधिकारी, चिकित्सा अधिकारी और सहायक विधि अधिकारी के पद शामिल हैं। इसके अलावा औद्योगिक संबंध, स्टेनोग्राफर, लैब तकनीशियन, फार्मासिस्ट, स्टाफ नर्स, रेडियोग्राफर, ड्रेसर तथा ईसीजी तकनीशियन के पदों पर भी भर्ती होगी। प्लांट अटेंडेंट ग्रेड-III के अंतर्गत फिटर, टर्नर, इलेक्ट्रीशियन, इंस्ट्रूमेंट मैकेनिक और इलेक्ट्रॉनिक्स ट्रेड के लिए भी अवसर दिए गए हैं।
ऑनलाइन आवेदन 26 नवंबर 2026 की रात 11.55 बजे तक स्वीकार किए जाएंगे। आवेदन शुल्क भी इसी समय सीमा तक नेट बैंकिंग, क्रेडिट कार्ड, डेबिट कार्ड अथवा यूपीआई के माध्यम से जमा किया जा सकेगा। विज्ञापन के अनुसार तृतीय एवं चतुर्थ श्रेणी के पदों के लिए केवल छत्तीसगढ़ के मूल निवासी अभ्यर्थी ही आवेदन कर सकेंगे।
तीनों कंपनियों के साझा पदों के लिए आवेदन करने वाले उम्मीदवारों को आवेदन के दौरान कंपनियों की प्राथमिकता का क्रम देना होगा। अंतिम चयन मेरिट, अभ्यर्थी की ओर से दी गई प्राथमिकता और संबंधित कंपनी में उपलब्ध रिक्तियों के आधार पर किया जाएगा। शैक्षणिक योग्यता, आयु सीमा और अन्य पात्रता संबंधी विस्तृत जानकारी आधिकारिक भर्ती विज्ञापन में उपलब्ध है।
गौरतलब है कि इस भर्ती के संबंध में पूर्व में 7 अगस्त 2026 को लघु विज्ञापन जारी किया गया था, जबकि 14 सितंबर को इसमें संशोधन किया गया था। अब विस्तृत विज्ञापन जारी होने के साथ ही आवेदन प्रक्रिया शुरू हो रही है। अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना समय रहते आवेदन करें और आवेदन से पहले आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध सभी दिशा-निर्देशों का सावधानीपूर्वक अध्ययन कर लें।

