यूक्रेन की राजधानी समेत कई इलाकों में रूस का मिसाइल हमला, बिजली-पानी की सप्लाई पर असर

ओलिविया आयरलैंड और डैन जॉनस
यूक्रेन में रातभर हुए ड्रोन और बैलिस्टिक मिसाइल हमलों में ऊर्जा ढांचे को नुक़सान पहुंचा है.
यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की ने कहा कि इन हमलों के कारण बिजली गुल हो गई और पानी की सप्लाई प्रभावित हुई है.
ज़ेलेंस्की के मुताबिक़, यूक्रेन के 12 क्षेत्रों को निशाना बनाया गया. इनमें राजधानी कीएव पर सबसे ज़्यादा असर पड़ा.
इन हमलों में पूरे देश में नौ लोगों के घायल होने की ख़बर है. घायलों में एक बच्चा भी शामिल है. हमलों में 30 से ज़्यादा बैलिस्टिक मिसाइलों और 170 से अधिक ड्रोन का इस्तेमाल किया गया.
ये हमले ऐसे समय हुए हैं, जब अगले हफ़्ते अबू धाबी में यूक्रेन और रूस के प्रतिनिधिमंडलों को त्रिपक्षीय वार्ता में हिस्सा लेना है.
ज़ेलेंस्की ने टेलीग्राम पर लिखा कि मॉस्को, यूक्रेन के महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचे पर हमले करके वार्ता की तैयारी कर रहा है.
यूक्रेन में तापमान गिर रहा है और देश के कुछ हिस्सों में सर्दियों की पहली बर्फ़बारी भी हो चुकी है.
ज़ेलेंस्की ने कहा, राजधानी में स्थिति मुश्किल है. बिजली, पानी और हीटिंग की आपूर्ति प्रभावित हुई है. रिहायशी इमारतों, नॉर्थ ब्रिज और एक किंडरगार्टन को नुक़सान पहुंचा है.(bbc.com/hindi)


