ताजा खबर

दीपावली: बाजार में बड़ी संख्या में कुम्हार मिट्टी के दीये व अन्य सामग्री बेचने पहुंचे हैं

राजनांदगांव: दीपावली की की तैयारियां तेज हो गई हैं। बाजारों में सजावटी सामान और इलेक्ट्रानिक झालरों की चमक बढ़ने लगी है, वहीं दूसरी ओर कुम्हार परिवारों के घरों में चाक की रफ्तार तेजी से चल रही है। इस बार दीपावली पर शहर में 30 लाख से अधिक मिट्टी के दीये रोशन होने का अनुमान है। इसे देखते हुए स्थानीय कुम्हारों ने कई महीने पहले से ही दीये बनाने की तैयारी शुरू कर दी थी। शहरी क्षेत्र में 40 से अधिक कुम्हार परिवार पीढ़ियों से इस पारंपरिक व्यवसाय से जुड़े हुए हैं। दीपावली पर घरों, आंगन, छतों और प्रतिष्ठानों में मिट्टी के दीये जलाने की परंपरा आज भी कायम है। सामान्य तौर पर प्रत्येक परिवार कम से कम एक से दो दर्जन दीये खरीदता है, जबकि कई घरों में इससे भी अधिक दीयों से सजावट की जाती है। बाजार में दीये 15 से 20 रुपये दर्जन से बिक रहे हैं।

मिट्टी महंगी, दीयों का आकार करना पड़ा छोटा

कुम्हारों के सामने इस बार बढ़ती लागत बड़ी चुनौती बनकर सामने आई है। मोहारा के किसान हेमचंद प्रजापति ने बताया कि पहले की तुलना में मिट्टी की कीमत काफी बढ़ गई है। वर्तमान में एक ट्रैक्टर मिट्टी के लिए 3500 रुपये खर्च करने पड़ रहे हैं। मिट्टी महंगी होने से दीये बनाने की लागत भी बढ़ गई है। दूसरी ओर ग्राहक दीयों की कीमत में ज्यादा बढ़ोतरी स्वीकार नहीं करते। ऐसे में लागत को संतुलित रखने के लिए दीयों का आकार छोटा करना पड़ रहा है। इससे ग्राहकों को भी उनके बजट के अनुसार दीये मिल जाते हैं और कुम्हारों पर बढ़ती लागत का कुछ बोझ कम होता है।

जमीन मिले तो मिट्टी के लिए नहीं होना पड़ेगा परेशान

बोईरडीह के कुम्हार राजेश प्रजापति बताया कि कुम्हार परिवार वर्षों से मिट्टी की उपलब्धता की समस्या से जूझ रहे हैं। इस समस्या के स्थायी समाधान के लिए पूर्ववर्ती सरकारों के सामने भी मांग रखी गई थी। जमीन उपलब्ध कराने के लिए ज्ञापन सौंपा गया था, ताकि कुम्हार अपनी जरूरत के मुताबिक मिट्टी निकाल सकें। हालांकि, अब तक जमीन उपलब्ध नहीं हो पाई है। जमीन मिलने से कुम्हारों को महंगी मिट्टी खरीदने की मजबूरी से राहत मिलेगी और पारंपरिक माटी कला को भी संरक्षण मिल सकेगा। उन्होंने बताया कि दीपावली पर घर-आंगन को रोशन करने वाले मिट्टी के दीये केवल सजावट का साधन नहीं, बल्कि कुम्हार परिवारों की आजीविका और पीढ़ियों से चली आ रही कला की पहचान भी हैं।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button