नींव की सुरक्षा के लिए चिखली ओवरब्रिज बंद
राजनांदगांव : स्टेशनपारा रेलवे अंडरब्रिज निर्माण के दौरान चिखली ओवरब्रिज की सुरक्षा को देखते हुए जिला प्रशासन ने इस पर दोपहिया वाहनों को छोड़कर सभी प्रकार के वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित कर दी है। कलेक्टर जितेंदर यादव ने छह नवंबर को आदेश जारी कर आगामी आदेश तक यह प्रतिबंध लागू किया है। जिला प्रशासन और रेलवे के वरिष्ठ अधिकारियों ने निर्माणस्थल का संयुक्त निरीक्षण किया। तकनीकी स्थिति का आकलन करने के बाद यातायात बंद करने का निर्णय लिया गया।
दरअसल, स्टेशनपारा रेलवे अंडरब्रिज का निर्माण पांच दशक से अधिक पुराने चिखली ओवरब्रिज के ठीक नीचे हो रहा है। इसके लिए पिलरों के आसपास खोदाई की जा रही है। कुछ स्थानों पर ओवरब्रिज की नींव से महज चार से छह फीट की दूरी पर निर्माण कार्य चल रहा है। ऐसे में पुरानी संरचना की मजबूती प्रभावित होने और दुर्घटना की आशंका जताई गई। निरीक्षण के दौरान रेलवे अधिकारियों ने भी निर्माण के बीच ओवरब्रिज पर वाहनों की आवाजाही जारी रहने को जोखिमपूर्ण माना।
30 दिसंबर तक चलेगा बाक्स पुशिंग का काम
प्रशासन के आदेश के अनुसार, लेवल क्रासिंग-460 पर अंडरब्रिज निर्माण के लिए बाक्स पुशिंग का काम एक नवंबर से शुरू किया गया है। इसके 30 दिसंबर तक पूरा होने की संभावना है। संयुक्त निरीक्षण प्रतिवेदन में जन-धन की सुरक्षा के लिए ओवरब्रिज से आवागमन प्रतिबंधित करने की आवश्यकता बताई गई। इसके बाद राजनांदगांव-खैरागढ़ मार्ग स्थित रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी क्रमांक 329ए) से दोपहिया वाहनों को छोड़कर शेष सभी वाहनों पर प्रतिबंध लगा दिया गया।
भारी वाहनों को ममता नगर अंडरब्रिज से रास्ता
ओवरब्रिज बंद होने से खैरागढ़ की ओर जाने वाले बड़े वाहनों को अब ममता नगर अंडरब्रिज से ढाबा होते हुए गुजरना होगा। इससे करीब तीन किमी अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ेगी। हालांकि, पुराने ओवरब्रिज की संरचनात्मक सुरक्षा और संभावित दुर्घटना से बचाव के लिए इसे जरूरी कदम माना जा रहा है। पुलिस और यातायात विभाग को वैकल्पिक मार्ग पर वाहनों की आवाजाही सुचारू रखने के निर्देश दिए गए हैं।
70 हजार की आबादी पर भी पड़ेगा असर
चिखली ओवरब्रिज पटरीपार क्षेत्र की करीब 70 हजार आबादी को शहर से जोड़ता है। इस मार्ग से प्रतिदिन लगभग 20 हजार वाहनों की आवाजाही होती है। रेलवे फाटक बंद होने के बाद से ओवरब्रिज पर यातायात का दबाव बढ़ा है। स्टेट हाईवे के भारी वाहन भी इसी मार्ग का उपयोग करते रहे हैं। ऐसे में प्रतिबंध से दूसरे रास्तों पर यातायात का दबाव बढ़ना तय है। प्रशासन ने पुलिस, परिवहन, रेलवे, नगर निगम और लोक निर्माण विभाग को आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
