चिखली ओवरब्रिज बंद होने से ममता नगर अंडरब्रिज और गौरीनगर फाटक पर बढ़ा दबाव
राजनांदगांव: चिखली ओवरब्रिज पर चारपहिया और भारी वाहनों की आवाजाही बंद होने का असर अब शहर की दूसरी सड़कों पर दिखने लगा है। ममता नगर अंडरब्रिज और गौरीनगर रेलवे फाटक पर यातायात का दबाव बढ़ गया है। इन रास्तों से तीनपहिया और चारपहिया वाहनों की आवाजाही बढ़ने के कारण वाहन चालकों को जाम की स्थिति का सामना करना पड़ रहा है। वहीं, भारी वाहनों को भी गंतव्य तक पहुंचने के लिए लंबा रास्ता तय करना पड़ रहा है।
चिखली क्षेत्र की ओर कार और तीनपहिया वाहनों से आने-जाने वालों को अब करीब तीन किमी अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ रही है। ममता नगर अंडरब्रिज और गौरीनगर फाटक पर वाहनों की संख्या बढ़ने से आवाजाही प्रभावित हो रही है। खासकर व्यस्त समय में वाहनों की कतार लगने और आवागमन धीमा होने से लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है।
दरअसल, स्टेशनपारा रेलवे अंडरब्रिज के निर्माण के चलते पुराने चिखली ओवरब्रिज की सुरक्षा को देखते हुए चारपहिया और भारी वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित की गई है। रेलवे समपार क्रमांक 460 पर बाक्स पुशिंग का काम 30 दिसंबर तक पूरा होने की संभावना है। तब तक वैकल्पिक मार्गों से ही वाहनों का आवागमन होगा। हालांकि, ओवरब्रिज की सुरक्षा को देखते हुए कुछ समय की यह परेशानी जरूरी है, लेकिन वैकल्पिक रास्तों पर बढ़ते दबाव ने शहर की यातायात व्यवस्था के सामने नई चुनौती खड़ी कर दी है।
इन चार रास्तों से होगी वाहनों की आवाजाही
दुर्ग से खैरागढ़ : दुर्ग से खैरागढ़ आने-जाने वाले चारपहिया वाहन टेडेसरा, सोमनी, नवागांव, कलडबरी और तिलई होते हुए ठेलकाडीह मार्ग का उपयोग करेंगे।
नागपुर से खैरागढ़ : नागपुर से खैरागढ़ आने-जाने वाले भारी वाहनों को इंदामरा, सुकुलदैहान और ठेलकाडीह मार्ग से गुजरना होगा।
राजनांदगांव से खैरागढ़ : शहर से खैरागढ़ जाने वाले छोटे चारपहिया वाहन अंबेडकर चौक से ममतानगर-मोतीपुर अंडरब्रिज होते हुए नया ढाबा चौराहा और तिलई मार्ग से जा सकेंगे।
खैरागढ़ से राजनांदगांव : खैरागढ़ की ओर से शहर आने वाले हल्के चारपहिया वाहन देशमुख होटल चौक से नया ढाबा और मोतीपुर अंडरब्रिज होते हुए अंबेडकर चौक पहुंच सकेंगे।
