अंडर-19 एशिया कप फाइनल : पाक हराकर भारत नौंवी बार चैंपियन

अल अमेरात (ओमान), 14 नवंबर। भारतीय टीम ने शनिवार को यहां आखिरी गेंद तक चले बेहद रोमांचक फाइनल मुकाबले में गत चैंपियन पाकिस्तान को एक विकेट से हराकर अंडर-19 एशिया कप का खिताब फिर से अपने नाम कर लिया।
सलामी बल्लेबाज उस्मान खान के 107 रन की बदौलत पाकिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 50 ओवर में नौ विकेट पर 337 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया।
लेकिन भारतीय टीम ने उतार-चढ़ाव से भरे इस मुकाबले में आखिरी गेंद पर लक्ष्य हासिल कर नौंवी बार खिताब अपने नाम कर लिया।
भारत की ओर से कप्तान लक्ष्य रायचंदानी ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 80 रन की पारी खेली जबकि आर्यवीर सहवाग ने 58 रन का योगदान दिया। दोनों की पारियों ने भारत की खिताबी जीत की नींव रखी।
इसके बाद मनल चौहान ने 47 रन और मोहित उल्वा ने नाबाद 49 रन की अहम पारियां खेलीं जिसके दम पर भारत ने रोमांचक मुकाबले में जीत दर्ज की।
इससे पहले सलामी बल्लेबाज उस्मान खान की 107 रन की धैर्यपूर्ण पारी की बदौलत गत चैंपियन पाकिस्तान ने शनिवार को यहां अंडर-19 एशिया कप फाइनल में भारत के खिलाफ नौ विकेट पर 337 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया।
उस्मान ने अपने सलामी जोड़ीदार हयाम खान के साथ महज 8.1 ओवर में 62 रन की तेज साझेदारी की।
उस्मान ने 106 गेंद में शतक पूरा किया और तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करने उतरे अब्दुल कादिर (80) के साथ मिलकर उन्होंने सिर्फ 18 ओवर में 135 रन की साझेदारी की। इस साझेदारी की बदौलत पाकिस्तान ने बीच के ओवरों में दबदबा बनाया।
कादिर ने महज 54 गेंद में 80 रन बनाए और 39 गेंद में अपना पहला युवा एकदिवसीय अर्धशतक पूरा किया। उन्होंने बाएं हाथ के स्पिनर मनल चौहान और ऑफ स्पिनर यशवर्धन चौहान की गेंदों पर लगातार दो छक्के भी जड़े।
कादिर की आक्रामक पारी का अंत तब हुआ जब अर्जुन राजपूत की गेंद पर उनका ड्राइव कवर पर खड़े वीके विनीत के हाथों में चला गया।
उस्मान भी इसके बाद अधिक देर तक नहीं टिक सके। तेज गेंदबाज काव्या पटेल (68 रन पर चार विकेट) की गेंद पर शॉर्ट मिड ऑफ पर राजपूत ने उनका कैच लपका।
पाकिस्तान का स्कोर 36 ओवर के बाद तीन विकेट पर 240 रन था और टीम ने भारत के खिलाफ बड़े स्कोर की मजबूत नींव रख दी थी।
कप्तान फरहान यूसुफ ने 63 गेंद में 60 रन की पारी खेलकर पाकिस्तान को 300 रन के पार पहुंचाया।
तेज गेंदबाज सी वेंकट ने भी 40 रन देकर तीन विकेट झटके।(भाषा)



