माता भगवती देवी शर्मा की जन्म शताब्दी पर आरंग में होगा 51 कुंडीय गायत्री महायज्ञ, तैयारियों को लेकर जिला स्तरीय गोष्ठी संपन्न
रामकुमार गुप्ता आरंग : गायत्री परिवार की संस्थापिका परम वंदनीया माता भगवती देवी शर्मा की जन्म शताब्दी के पावन अवसर पर राष्ट्र शौर्य समृद्धि 51 कुंडीय गायत्री महायज्ञ का भव्य आयोजन आगामी 28 जनवरी से 31 जनवरी 2027 तक किया जाएगा। इस महायज्ञ की तैयारियों एवं आयोजन की रूपरेखा निर्धारित करने के उद्देश्य से गायत्री शक्तिपीठ आरंग में जिला स्तरीय गोष्ठी का आयोजन किया गया, जिसमें रायपुर जिले के चारों ब्लॉकों से बड़ी संख्या में गायत्री परिवार के परिजन शामिल हुए।
अखिल विश्व गायत्री परिवार के तत्वावधान में आयोजित होने वाले इस महायज्ञ का उद्देश्य भारतीय संस्कृति, संस्कारों, नैतिक मूल्यों एवं आध्यात्मिक चेतना का जन-जन तक प्रसार करना है। इसके माध्यम से समाज में सदाचार, सामाजिक समरसता, सद्भावना, सकारात्मक ऊर्जा, विश्व कल्याण एवं पर्यावरण संरक्षण का संदेश पहुंचाने का संकल्प लिया गया है।
गोष्ठी में उपस्थित पदाधिकारियों ने आगामी महायज्ञ को सफल एवं भव्य बनाने के लिए आवश्यक तैयारियों, जनसंपर्क, कार्यकर्ताओं की सहभागिता तथा आयोजन की व्यवस्थाओं पर विचार-विमर्श किया। साथ ही अधिक से अधिक लोगों को इस आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक महाअभियान से जोड़ने का आह्वान किया गया।
इस अवसर पर उपजोन समन्वयक श्री सी.पी. साहू, जिला समन्वयक श्री लच्छू राम निषाद, आरंग ब्लॉक समन्वयक श्री जगमोहन चंद्राकर, गायत्री शक्तिपीठ आरंग के व्यवस्थापक श्री पवन साहू, अभनपुर ब्लॉक समन्वयक श्री बसंत साहू तथा गायत्री शक्तिपीठ नवापारा के मुख्य ट्रस्टी श्री मोहनलाल मानिकपुरी प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। इसके अलावा रायपुर जिले के चारों ब्लॉकों से सैकड़ों की संख्या में गायत्री परिवार के परिजनों ने सहभागिता निभाई।
गोष्ठी में सभी परिजनों ने एकजुट होकर इस आयोजन को सफल बनाने तथा अधिक से अधिक लोगों तक गायत्री परिवार के विचारों और भारतीय संस्कृति के संदेश को पहुंचाने का संकल्प लिया।
आयोजकों ने जनसमुदाय से अपील की है कि वे इस पुनीत 51 कुंडीय गायत्री महायज्ञ में सहभागी बनकर राष्ट्र निर्माण, समाज कल्याण, आध्यात्मिक जागरण एवं विश्व शांति के इस महान अभियान में अपना योगदान दें।
