ताजा खबर

लगातार तीन चक्रवातों की मार से बेहाल सरायपाली-बसना के किसान, सरकार से विशेष सहायता की उठी मांग, भाजपा नेताओं और जनप्रतिनिधियों पर टिकी निगाहें।

विकास नंद/ सर्वव्यापी

महासमुंद जिले के सरायपाली और बसना क्षेत्र के किसानों को लगातार प्राकृतिक आपदाओं की मार झेलनी पड़ रही है। एक के बाद एक आए चक्रवातों अर्नब, मुरासु और अकवान ने किसानों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। लगातार बारिश और मौसम में आए बदलाव के कारण खेतों में खड़ी फसलों को नुकसान पहुंचा है। इससे किसानों की मेहनत और खेती में लगाई गई पूंजी पर संकट के बादल मंडराने लगे हैं।

किसानों का कहना है कि इस वर्ष मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियों ने खेती-किसानी को बुरी तरह प्रभावित किया है। पहले चक्रवात अर्नब, फिर मुरासुर और अब अकवान के प्रभाव से हुई बारिश ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। लगातार बारिश के चलते खेतों में पानी भरने, फसलों के प्रभावित होने और उत्पादन में गिरावट की आशंका बनी हुई है। पहले से ही खेती की लागत, खाद-बीज, मजदूरी और अन्य कृषि संसाधनों पर बढ़ते खर्च से परेशान किसानों के सामने अब आर्थिक संकट गहराने लगा है।

किसानों का मानना है कि प्राकृतिक आपदाओं के कारण हुए नुकसान की भरपाई केवल सामान्य कृषि सहायता से संभव नहीं होगी। लगातार तीन चक्रवातों के प्रभाव को देखते हुए सरायपाली और बसना क्षेत्र के प्रभावित किसानों के लिए विशेष राहत पैकेज की आवश्यकता है।

किसानों को विशेष आर्थिक सहायता देने की मांग

क्षेत्र में किसानों की ओर से शासन-प्रशासन से मांग उठाई जा रही है कि प्रभावित गांवों में फसलों का शीघ्र सर्वे कराया जाए। वास्तविक नुकसान का आकलन कर पात्र किसानों को उचित मुआवजा दिया जाए। इसके साथ ही कृषि ऋण और अन्य आर्थिक देनदारियों के बोझ से राहत देने के लिए विशेष सहायता की व्यवस्था की जाए।किसानों का कहना है कि खेती पूरी तरह मौसम पर निर्भर है और जब लगातार प्राकृतिक आपदाओं से फसल प्रभावित होती है, तो उसका सीधा असर पूरे परिवार की आजीविका पर पड़ता है। ऐसे समय में सरकार को किसानों के साथ खड़े होकर उन्हें आर्थिक संबल प्रदान करना चाहिए।

अब क्षेत्र के किसानों की निगाहें शासन-प्रशासन पर टिकी हैं। जरूरत इस बात की है कि सरायपाली-बसना क्षेत्र में चक्रवातों से प्रभावित फसलों का निष्पक्ष सर्वे कराकर किसानों को समय पर राहत और उचित मुआवजा उपलब्ध कराया जाए, ताकि वे आर्थिक संकट से उबर सकें।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button