छत्तीसगढ़

राजस्थान: ज़िला परिषद चुनावों में कांग्रेस की बड़ी जीत, सीएम के गृह जिले और निर्वाचन क्षेत्र में भाजपा की हार

-मोहर सिंह मीणा

राजस्थान के पंचायत समिति और जिला परिषद चुनावों में कांग्रेस ने सत्ताधारी दल भाजपा को बड़ा झटका दिया है.

बीते दिनों हुए 41 ज़िला परिषदों के चुनावों में से शुक्रवार को 37 ज़िला परिषदों के परिणाम घोषित हुए हैं. 4 ज़िला परिषद के चुनावों की मतगणना 17 दिसंबर को होगी.

37 ज़िलों की 419 पंचायत समितियों के परिणामों में कांग्रेस 269, भाजपा 73, अन्य दल 60 और 7 पर कोई दल आगे नहीं रहा.

37 ज़िला परिषदों में कांग्रेस को 23 में बहुमत मिला, भाजपा को 5, एक पर अन्य दल और 8 पर कोई भी दल बहुमत में नहीं रहा.

मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा के गृह जिले भरतपुर की ज़िला परिषद में कांग्रेस ने 31 में से 21 सीटें जीतीं हैं. जबकि भाजपा को महज 9 सीटें मिलीं और एक सीट आरएलपी ने जीती.

मुख्यमंत्री के विधानसभा क्षेत्र सांगानेर की पंचायत समिति में भी भाजपा को नुकसान हुआ और राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (आरएलपी) ने बहुमत हासिल किया.

इसके अलावा सरकार में कैबिनेट मंत्री झाबर सिंह खर्रा की पत्नी और बेटे की हार ने भाजपा की मुश्किल बढ़ाई है.

चुनाव नतीजे ग्रामीण राजनीति में कांग्रेस की मजबूत वापसी और भाजपा के लिए बड़ी चुनौती के रूप में आने हैं. साथ ही आरएलपी को भी तीसरी ताकत के रूप में देखा जा रहा है.

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने हार स्वीकार करते हुए कहा कि, भारतीय जनता पार्टी चुनाव परिणामों को जनादेश के रूप में स्वीकार करती है.

उन्होंने कहा है कि, भाजपा का स्पष्ट मानना है कि कांग्रेस ने ये चुनाव विशुद्ध रूप से झूठ और फेक नैरेटिव के आधार पर लड़ा, जबकि भाजपा ने सकारात्मक राजनीति करते हुए विकास के मुद्दों को लेकर जनता के बीच अपनी बात रखी. चुनाव परिणामों पर पार्टी सकारात्मक भाव से मंथन करेगी और आगे की रणनीति तय करेगी.

अध्यक्ष राठौड़ ने कहा कि, चुनाव परिणामों के बाद कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा और उनके राष्ट्रीय आदर्श एवं लीडर ऑफ प्रोपेगेंडा राहुल गांधी को जनता से माफी मांगनी चाहिए. कांग्रेस ने जिस तरह वोट चोरी का माहौल बनाया और संवैधानिक संस्थाओं पर छींटाकशी करते हुए अराजकता का वातावरण तैयार किया, वह लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए दुर्भाग्यपूर्ण है. आज चुनाव परिणामों के बाद कांग्रेस नेताओं का जश्न मनाना उनके दोहरे चरित्र को उजागर करता है.

इधर कांग्रेस ने बड़ी जीत के बाद सरकार को घेरा है. विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने कहा है कि, पंचायत चुनाव में 2028 का ट्रेलर दिखा है. भाजपा को सत्ता से बेदखल करने का जनता मन बना चुकी है.

उन्होंने कहा है कि, राजस्थान की जनता ने भाजपा सरकार के तीन साल के कुशासन, खोखले दावों और जनविरोधी नीतियों को करारा जवाब दिया है. यह परिणाम स्पष्ट संकेत है कि प्रदेश की जनता का विश्वास कांग्रेस की विचारधारा, लोकतांत्रिक मूल्यों और जनहित की राजनीति के साथ है. भाजपा की संविधान और लोकतंत्र विरोधी सोच को जनता ने सिरे से खारिज कर दिया है.(bbc.com/hindi)

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button