पिछले साल का 56 फीसदी चावल मिलरों ने जमा नहीं किया, सरकार श्वेत पत्र जारी करे : बैज

निकाय चुनाव की मतदाता सूची में गड़बड़ी का भी दावा
छत्तीसगढ़ संवाददाता
रायपुर, 25 नवंबर। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने पिछले वर्ष के धान की मिलिंग और चावल जमा करने में बड़े पैमाने पर अनियमितता का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2025-26 में समर्थन मूल्य पर खरीदे गए धान की मिलिंग के बाद करीब 50 लाख मीट्रिक टन चावल सरकार को जमा होना था, लेकिन इसमें से लगभग 56 प्रतिशत चावल राइस मिलरों ने अब तक जमा नहीं किया है। बैज ने इसे सुनियोजित भ्रष्टाचार बताते हुए सरकार से पूरे मामले में श्वेत पत्र जारी करने की मांग की है।
पत्रकारों से चर्चा में बैज ने कहा कि राइस मिलरों से चावल जमा नहीं होने के कारण सरकार भी एफसीआई में चावल जमा नहीं कर पाई है। इससे राज्य सरकार को एफसीआई से भुगतान नहीं मिला। सरकार मार्कफेड के माध्यम से बैंकों से ऋण लेकर धान खरीदी करती है। एफसीआई में चावल जमा होने के बाद मिलने वाली राशि से मार्कफेड ऋण का ब्याज सहित भुगतान करता है। ऐसे में पिछले एक साल से चावल जमा नहीं होने के कारण ऋण पर लगने वाले ब्याज का अतिरिक्त भार सरकारी खजाने पर पड़ेगा।


