अब घटिया चावल बांटने वालों की खैर नहीं! अधिकारियों और राइस मिलर पर FIR; कलेक्टर के कड़े निर्देश
कोरबा 26 नवंबर 2026 : सरकारी राशन दुकानों के संचालक और राइस मिलर अब सावधान हो जाएं। जरूरतमंद परिवारों को वितरित किए जाने वाले चावल की गुणवत्ता से समझौता करना भारी पड़ सकता है। सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत हितग्राहियों तक गुणवत्तापूर्ण खाद्यान्न पहुंचाने की जिम्मेदारी निभाने में लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ अब कानूनी कार्रवाई की तैयारी है। कोरबा के पाली विकासखंड की उचित मूल्य दुकानों में घटिया चावल वितरण की शिकायत सामने आने के बाद कलेक्टर कुणाल दुदावत ने सख्त रुख अपनाया है। उन्होंने खाद्य विभाग को मामले की जांच कर चावल की गुणवत्ता को स्वीकृति देने वाले जिम्मेदार अधिकारियों और संबंधित राइस मिलर के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने सहित आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। जिला प्रशासन की यह सख्ती राशन विक्रेताओं और खाद्यान्न आपूर्तिकर्ताओं के लिए स्पष्ट चेतावनी है कि गरीबों के हक के अनाज की गुणवत्ता से खिलवाड़ करने पर कानूनी कार्रवाई का सामना करना पड़ सकता है।
बुधवार, 25 नवंबर को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित समय सीमा की बैठक में कलेक्टर ने विभिन्न विभागों के कामकाज और शासकीय योजनाओं की प्रगति का जायजा लिया। इस दौरान पाली विकासखंड की राशन दुकानों में घटिया चावल वितरण की शिकायत सामने आने पर उन्होंने खाद्य विभाग को मामले की जांच कर जिम्मेदारी तय करने के निर्देश दिए। जिला खनिज संस्थान न्यास (डीएमएफ) के माध्यम से स्वीकृत विकास कार्यों की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने निर्माण कार्यों में हो रही देरी पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि विकास योजनाओं के लिए राशि उपलब्ध कराने के बावजूद वर्षों तक निर्माण कार्य पूरा नहीं करना गंभीर लापरवाही है।
डीएमएफ की राशि लेकर अधूरे छोड़े निर्माण कार्य पर वसूली की कार्रवाई सभी अनुविभागीय अधिकारियों को ऐसे अप्रारंभ और अपूर्ण निर्माण कार्यों में आरआरसी वसूली के प्रकरण तैयार करने तथा प्रत्येक सप्ताह उनकी समीक्षा करने के निर्देश दिए गए। खाद्य विभाग से संबंधित आरआरसी वसूली की कार्रवाई 15 दिसंबर तक पूरी करने को कहा गया है। कलेक्टर ने प्रधानमंत्री कार्यालय, मुख्यमंत्री जनदर्शन, विभागीय मंत्रियों और आम नागरिकों से प्राप्त शिकायतों एवं आवेदनों के निराकरण में तेजी लाने के निर्देश दिए। संबंधित अधिकारियों को ऐसे लंबित प्रकरणों का एक सप्ताह के भीतर समाधान सुनिश्चित करने को कहा गया। बैठक में प्रधानमंत्री धन-धान्य कृषि योजना की भी विस्तार से समीक्षा की गई। कलेक्टर ने पोर्टल पर दर्ज उपलब्धियों और जिले की रैंकिंग की जानकारी लेते हुए कृषि, उद्यानिकी, मत्स्य और पशुधन विकास विभाग को कम प्रगति वाले क्षेत्रों में विशेष प्रयास करने के निर्देश दिए।
पीएम किसान सम्मान निधि, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, किसान क्रेडिट कार्ड, कृषक उत्पादक संगठन, प्राकृतिक खेती मिशन, परंपरागत कृषि विकास योजना, मृदा स्वास्थ्य कार्ड, दलहन उत्पादन और राष्ट्रीय खाद्य तेल मिशन से संबंधित प्रगति का भी आकलन किया गया। उद्यानिकी विभाग को 100 हेक्टेयर का निर्धारित लक्ष्य पूरा करने तथा मुख्यमंत्री कौशल विकास योजना के माध्यम से लाइवलीहुड कॉलेज में महिला किसानों को ‘ड्रोन दीदी’ पहल के तहत प्रशिक्षण देने को कहा गया।
कलेक्टर कुणाल दुदावत ने दिए जांच के आदेश इतवारी बाजार में अतिक्रमण की शिकायत पर कलेक्टर ने एसडीएम को सीमांकन कराने और नगर निगम को आवश्यक कार्रवाई कर अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए। जिला अस्पताल में घटिया निर्माण कार्य से संबंधित प्रकाशित समाचार का संज्ञान लेते हुए नगर निगम को कार्रवाई करने को कहा गया। इसके अलावा मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) की भर्ती प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए गए। महाविद्यालयों में अध्ययनरत अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग और अल्पसंख्यक वर्ग के पात्र विद्यार्थियों को पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति का लाभ दिलाने के लिए आवेदन प्रक्रिया में तेजी लाने को कहा गया। कलेक्टर ने संबंधित महाविद्यालयों को पत्र जारी करने और एक सप्ताह में अपेक्षित प्रगति नहीं होने पर नोटिस देने के निर्देश दिए। ग्रामीण क्षेत्रों में नशे के खिलाफ जागरूकता बढ़ाने के लिए समाज कल्याण विभाग को जनजागरूकता रैलियां आयोजित करने की जिम्मेदारी सौंपी गई। पुलिस और आबकारी विभाग को चीताखोल सहित अन्य पर्यटन एवं पिकनिक स्थलों पर शराब पीकर अव्यवस्था फैलाने वालों के खिलाफ लगातार कार्रवाई करने को कहा गया।
कलेक्टर ने विद्युत विभाग को कोरबा विकासखंड के किसी एक गांव को सौर ऊर्जा आधारित बनाने की दिशा में पहल करने के निर्देश भी दिए। सीएम हेल्पलाइन से प्राप्त शिकायतों के निराकरण में तेजी लाने पर जोर दिया गया। शिक्षा विभाग को सेवानिवृत्त कर्मचारियों की सामान्य भविष्य निधि (जीपीएफ) की राशि निर्धारित समय सीमा में भुगतान करने को कहा गया। कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि भुगतान में अनावश्यक देरी होने पर जांच कर जिम्मेदार व्यक्ति के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रतीक जैन, कोरबा वनमंडलाधिकारी प्रेमलता यादव, अपर कलेक्टर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।



