ऐसे थे कनक तिवारी…

छत्तीसगढ़ संवाददाता
रायपुर, 26 नवंबर। छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश हाईकोर्ट के सबसे वरिष्ठ अधिवक्ताओं में से एक कनक तिवारी जाने-माने लेखक भी थे। भारत के कुछ विशिष्ट विषयों पर उनकी गहरी पकड़ थी और वे उन पर लगातार लिखते रहते थे। गांधी, नेहरू, विवेकानंद और लोहिया जैसे व्यक्तित्वों पर उन्होंने विस्तार से लिखा। संविधान से जुड़े मुद्दे भी उनके लेखन के प्रमुख विषयों में शामिल थे। संयोग देखिए कि संविधान दिवस की सुबह ही वे इस दुनिया से विदा हो गए।
लिखने को लेकर उनके मन में हमेशा एक बेचैनी रहती थी। वे धारा-प्रवाह डिक्टेशन देते और इतना लंबा-लंबा लिखवा लेते थे, जितना सामान्य तौर पर लिख पाना आसान नहीं होता। कनक तिवारी के बेटे उनका डिक्टेशन लेते हुए बिना किसी झिझक के तेज रफ्तार से टाइप करते थे। पिता और बेटे की इसी जुगलबंदी की बदौलत कनक तिवारी इतना अधिक लिख पाते थे।
उनकी न जाने कितनी किताबें प्रकाशित हुईं। शायद ही कोई ऐसा वक्त गुजरा हो जब उनकी कोई न कोई किताब प्रकाशक के पास प्रकाशन की प्रतीक्षा में न रही हो। उन्होंने आत्मकथात्मक संस्मरण भी लिखे। लेकिन गांधी और नेहरू के लेखन पर लिखना, विवेकानंद और लोहिया के विचारों की व्याख्या करना, ये उनके सबसे पसंदीदा विषय थे।
वे उद्योगपतियों से लेकर शंकर गुहा नियोगी जैसे मजदूर नेताओं के वकील रहे। अपने जीवन के कई दशक उन्होंने कांगे्रस की राजनीति में सक्रिय रहते हुए गुजारे।

