छत्तीसगढ़

सट्टा कारोबारी रोहरा बंधुओं ने साथी व्यापारी के साथ की 49 लाख की धोखाधड़ी

परिवार सहित दुबई चले गए, एफआईआर दर्ज

छत्तीसगढ़ संवाददाता

बिलासपुर, 27 नवंबर। बिलासपुर के चर्चित सट्टा कारोबारी रोहरा ब्रदर्स सुनील और मनीष रोहरा के खिलाफ 48.90 लाख रुपये की कथित धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया गया है। आरोप है कि दोनों भाइयों ने जमीन में निवेश कर कम समय में रकम दोगुनी करने का झांसा देकर एक किराना कारोबारी से पैसे लिए और वापस मांगने पर टालमटोल करने लगे। बाद में दोनों परिवार सहित दुबई चले गए।

सिविल लाइन पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। गौरतलब है कि करीब सात दिन पहले पुलिस ने रोहरा ब्रदर्स के निवास से लगभग 25 करोड़ रुपये की संपत्ति से जुड़े दस्तावेज, सोने के आभूषण और महंगी घड़ियां जब्त की थीं।

कटीयापारा निवासी 36 वर्षीय दीपक भगतानी किराना दुकान चलाते हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि वर्ष 2020 से उनकी पहचान श्रीराम क्लॉथ मार्केट में संस्कृति गारमेंट्स संचालित करने वाले सुनील और मनीष रोहरा से थी। बाद में तीनों सट्टे के कारोबार से भी जुड़ गए।

दीपक के मुताबिक, दोनों भाई अपनी कमाई और नई संपत्तियों का दिखावा करते थे। इसी दौरान उन्होंने ओडिशा, राजिम और जबलपुर में जमीन खरीदने के नाम पर निवेश का प्रस्ताव दिया। दावा किया गया कि कुछ ही समय में रकम दोगुनी हो जाएगी और करोड़ों रुपये का मुनाफा मिल सकता है।

शिकायत के अनुसार, जुलाई 2025 से मार्च 2026 के बीच दीपक ने दोनों भाइयों को कुल 48.90 लाख रुपये दिए। इनमें 29.10 लाख रुपये नकद और 19.80 लाख रुपये अलग-अलग बैंक खातों में जमा कराए गए।

आरोप है कि रकम लेने के लिए आरोपियों ने अपने खातों के अलावा पत्नियों, रिश्तेदारों और परिचितों के बैंक खातों का भी इस्तेमाल किया।

दीपक की शिकायत के मुताबिक, मनीष की पत्नी नेहा रोहरा के खाते में चार लाख रुपये, हेमंत नरवानी के खाते में चार लाख, मनीष रोहरा के खाते में तीन लाख और सुनील रोहरा के खाते में एक लाख रुपये जमा कराए गए। इसके अलावा अन्य परिचितों के खातों में भी रकम भेजी गई।

नकद भुगतान का बड़ा हिस्सा हंसा विहार स्थित एक फ्लैट की पार्किंग में किया गया। शिकायत में मनीष को दो किस्तों में 15 लाख और सुनील को 5.10 लाख रुपये नकद देने का उल्लेख है। दुकान और अन्य माध्यमों से भी रकम दी गई।

दीपक का आरोप है कि निवेश के एक साल बाद भी उन्हें रकम वापस नहीं मिली। पैसे मांगने पर कभी जमीन में रकम फंसे होने, कभी शेयर बाजार और कभी सट्टे में पैसा लगे होने की बात कहकर टालते रहे।

आरोपियों ने अपने परिचितों आकाश गोगा, हेमंत नरवानी और अजय जगजसी को बड़े रियल एस्टेट निवेशक बताकर भी दीपक को भरोसे में लिया। उन्हें वैध और अवैध दोनों तरीकों से निवेश दोगुना करने का लालच दिया गया। इतना ही नहीं, दीपक से अपने परिवार और परिचितों से भी निवेश कराने के लिए कहा गया।

शिकायतकर्ता के मुताबिक, रकम वापस नहीं मिलने पर उन्होंने लगातार संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन इसी बीच दोनों भाई परिवार सहित दुबई चले गए। इसके बाद दीपक ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।

पुलिस के अनुसार, दीपक भगतानी को इससे पहले कोतवाली पुलिस ने आईपीएल मैचों में ऑनलाइन सट्टा संचालित कराने के आरोप में पकड़ा था। पूछताछ में उसने शहर के एक प्रभावशाली व्यक्ति से सट्टे की आईडी मिलने की जानकारी दी थी।

जांच आगे बढ़ने पर पुलिस को रोहरा ब्रदर्स की भूमिका का पता चला। अब 48.90 लाख रुपये की कथित धोखाधड़ी के मामले में भी दोनों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। पुलिस मामले से जुड़े अन्य लोगों और लेन-देन की जांच कर रही है।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button