कांग्रेस सांसद इमरान मसूद क्यों बोले- ‘आत्मसमर्पण करके चुनाव में नहीं उतर सकते’

कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने शनिवार को कहा कि उनकी पार्टी चाहती है कि अखिलेश यादव उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री बनें. लेकिन उसकी मांग है कि गठबंधन में कांग्रेस को भी उचित जगह दी जाए.
जब उनसे पूछा गया कि सीटों के बंटवारे को लेकर बातचीत के बीच ऐसी ख़बरें आई थीं कि समाजवादी पार्टी कांग्रेस को केवल 26 सीटें दे रही है.
इस पर न्यूज़ एजेंसी पीटीआई से इमरान मसूद ने कहा, अगर हमारी हैसियत को इतना कम करके आंकने की कोशिश की जा रही है तो यह अच्छी बात नहीं है. हम अपनी पार्टी का आत्मसमर्पण करके चुनाव के मैदान में नहीं उतर सकते.
उन्होंने कहा कि कांग्रेस 2017 के विधानसभा चुनाव में 107 सीटों पर लड़ी थी. लेकिन तब की स्थिति और आज की स्थिति में काफ़ी अंतर आ चुका है.
इमरान मसूद ने कहा कि गठबंधन के दौरान 43 सांसद जीते थे. उनमें समाजवादी पार्टी के सांसद भी थे और कांग्रेस के भी.
उन्होंने कहा, अगर आपको (अखिलेश यादव) मुख्यमंत्री बनना है, तो दिल बड़ा करना होगा.(bbc.com/hindi)

