दुर्ग में साइबर ठगी के लिए बैंक खाते उपलब्ध कराने वाले 3 म्यूल खाताधारक गिरफ्तार, 5 से 15 हजार रुपये तक लेते थे कमीशन
दुर्ग, 28 नवंबर 2026। साइबर अपराधियों को कमीशन के लालच में बैंक खाते उपलब्ध कराने वाले तीन म्यूल खाताधारकों को दुर्ग पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी अपने और अन्य लोगों के बैंक खाते, पासबुक, एटीएम कार्ड, चेकबुक और सिम कार्ड साइबर अपराधियों को उपलब्ध कराते थे। इसके बदले उन्हें 5 हजार से 15 हजार रुपये तक कमीशन मिलता था। पुलिस जांच में उत्कर्ष स्मॉल फाइनेंस बैंक के संबंधित खातों से साइबर ठगी की लाखों रुपये से अधिक की रकम का लेन-देन सामने आया है।
पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर साइबर अपराधों और म्यूल बैंक खाताधारकों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना सुपेला और एसीसीयू की संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई की है। मामले में थाना सुपेला में अपराध क्रमांक 1324/2026 के तहत धारा 318(2), 318(3) और 317(4) बीएनएस के अंतर्गत दर्ज प्रकरण की विवेचना के दौरान बैंक खातों का विश्लेषण किया गया था।
जांच में पता चला कि आरोपी एजेंटों के माध्यम से विभिन्न लोगों के बैंक खाते और उनसे संबंधित दस्तावेज जुटाते थे। इसके बाद इन खातों को साइबर अपराधियों को उपलब्ध कराया जाता था। इन बैंक खातों का इस्तेमाल साइबर ठगी से प्राप्त रकम को अलग-अलग खातों में ट्रांसफर करने और पैसों के वास्तविक स्रोत की पहचान छिपाने के लिए किया जा रहा था।
पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों, बैंक खातों के लेन-देन और अन्य उपलब्ध प्रमाणों के आधार पर 28 नवंबर 2026 को तीनों आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की।
ये तीन आरोपी गिरफ्तार
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में कांति प्रसाद पारधी (33 वर्ष), निवासी शुभम कॉलोनी, आर्य नगर, कोहका, थाना सुपेला; वसीम खान (30 वर्ष), निवासी शर्मा कॉलोनी, करुणा हॉस्पिटल के पास, नंदिनी रोड, थाना छावनी और पोषण निषाद (27 वर्ष), निवासी ग्राम अंजोरा, जिला दुर्ग, वर्तमान पता ग्राम रसमड़ा शामिल हैं।
पासबुक, एटीएम कार्ड और मोबाइल फोन जब्त
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से बैंक पासबुक, एटीएम कार्ड, चेकबुक, सिम कार्ड, मोबाइल फोन और अन्य संबंधित दस्तावेज जब्त किए हैं। पुलिस अब बैंक खातों के माध्यम से हुए लेन-देन और साइबर ठगी से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।
दुर्ग पुलिस ने आम लोगों से की अपील
दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी व्यक्ति को कमीशन या आर्थिक लालच में अपना बैंक खाता, एटीएम कार्ड, पासबुक, चेकबुक अथवा मोबाइल सिम उपलब्ध न कराएं। ऐसा करने पर संबंधित व्यक्ति भी कानूनी कार्रवाई के दायरे में आ सकता है।
यदि किसी के बैंक खाते या बैंकिंग दस्तावेजों का दुरुपयोग होता है तो तत्काल संबंधित बैंक, नजदीकी पुलिस थाने या साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत करें। इसके अलावा www.cybercrime.gov.in पर भी ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई जा सकती है।



