छत्तीसगढ़

डीलिमिटेशनः विपक्षी दलों के बीच ज़ुबानी जंग तेज़, शरद पवार की पार्टी और डीएमके ने किया बिल के समर्थन का एलान

केंद्र सरकार की ओर से 30 नवंबर से संसद का विशेष सत्र बुलाने की घोषणा के बाद डीलिमिटेशन (परिसीमन) विधेयक एक बार फिर चर्चा के केंद्र में आ गया है.

हालांकि, ऐसी चर्चा है कि बीजेपी इस विधेयक के लिए समर्थन जुटाने की कोशिश कर रही है, लेकिन विपक्षी गठबंधन के भीतर ही मतभेद सामने आने लगे हैं.

इस विधेयक को पारित कराने के लिए लोकसभा में दो-तिहाई बहुमत की ज़रूरत होगी. इसे लेकर महाराष्ट्र में विपक्षी गठबंधन महा विकास अघाड़ी के घटक दलों के बीच आरोप-प्रत्यारोप शुरू हो गए हैं.

कांग्रेस और शिवसेना (उद्धव ठाकरे गुट) के नेताओं ने ख़ास तौर पर राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरद पवार गुट) की संभावित भूमिका की आलोचना की है.

पार्टी के नेताओं के बीच चर्चा के बाद अपनी पार्टी का रुख़ स्पष्ट करते हुए एनसीपी नेता जितेंद्र आव्हाड ने कहा कि चर्चा पार्टी के आधिकारिक रुख़ को लेकर नहीं थी, बल्कि इसमें यह विचार सामने आया था कि परिसीमन एक संवैधानिक ज़रूरत है.

उन्होंने कहा, परिसीमन की प्रक्रिया संवैधानिक रूप से ज़रूरी है. इस प्रक्रिया का समर्थन करने का फ़ैसला लिया गया है और हम उस फ़ैसले का समर्थन करेंगे. हम निश्चित रूप से परिसीमन का समर्थन करेंगे.

इस बयान पर विपक्षी दलों कांग्रेस और शिवसेना (यूबीटी) की ओर से तीखी प्रतिक्रियाएं आई हैं.

कांग्रेस ने शरद पवार की भूमिका पर उठाए सवाल
कांग्रेस नेता विजय वडेट्टीवार ने शरद पवार की भूमिका पर असंतोष जताया.

उन्होंने कहा, पवार साहब ने इस उम्र में जो फ़ैसला लिया है, उसे देखकर हम हैरान हैं. उन्होंने जीवन भर प्रगतिशील सोच को बढ़ावा देने का काम किया है. हमें लगा कि इस उम्र में उन्हें दरकिनार करना उचित नहीं होगा.

उन्होंने आगे कहा, राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे भी यही सोचते थे. इसीलिए हमने 36 विधायक होने के बावजूद उनका समर्थन किया. लेकिन वह समर्थन हमें धोखा देने के लिए नहीं दिया गया था. अब हमें अपनी ग़लती का एहसास हो गया है.

उन्होंने कहा, हमें जानकारी मिली है कि शरद पवार गुट का कोई भी सदस्य विपक्षी दलों की बैठक में शामिल नहीं होगा. इसका मतलब है कि उन्होंने परिसीमन विधेयक का समर्थन करने का फ़ैसला कर लिया है. लोकतंत्र की हत्या करने वालों की सूची में उनके नाम भी शामिल किए जाएंगे.

शिवसेना (उद्धव ठाकरे गुट) के सांसद संजय राउत ने भी शरद पवार गुट को निशाने पर लिया.

उन्होंने कहा, चलिए, शरद पवार गुट को दिखाते हैं कि महाराष्ट्र क्या है. शरद पवार महा विकास अघाड़ी की ओर से राज्यसभा के लिए चुने गए हैं. सुप्रिया सुले जानती हैं कि कई लोग इसके विरोध में थे. और अगर आप महाराष्ट्र विरोधी रुख़ अपनाते हैं, तो महाराष्ट्र आपको माफ़ नहीं करेगा.

राउत ने केंद्र सरकार पर भी गंभीर आरोप लगाए.

उन्होंने कहा, उनके एजेंट सांसदों की ख़रीद-फरोख़्ख्तत में जुटे हैं. क्रॉस वोटिंग के लिए 150 करोड़ रुपये का शुल्क लगाया गया है. परिसीमन के लिए सांसदों की संख्या बढ़ाकर 860 करने के प्रयास जारी हैं. यह विधेयक राष्ट्रविरोधी और लोकतंत्र विरोधी है. इतिहास इसे पारित कराने वालों को देशद्रोही के रूप में दर्ज करेगा.

शिवसेना (एकनाथ शिंदे गुट) के नेता और मंत्री संजय शिरसाट ने संजय राउत के आरोपों का जवाब दिया है.

उन्होंने कहा, लोगों पर इस तरह के आरोप लगाना सही नहीं है. तो क्या इसका मतलब यह है कि सुप्रिया सुले पर भी उनका समर्थन करने के लिए 150 करोड़ रुपये के भ्रष्टाचार का आरोप लगाया जाना चाहिए?

उन्होंने आगे कहा, आप इन्हीं लोगों के साथ ढाई साल तक सत्ता में रहे हैं और आज आप उन्हीं पर सवाल उठा रहे हैं.

शरद पवार गुट ने क्या कहा

राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरद पवार गुट) के सांसद डॉ. अमोल कोल्हे ने बीबीसी मराठी से कहा, हम आज इंडिया अघाड़ी की बैठक में शामिल होने वाले थे. हालांकि, शरद पवार के ख़िलाफ़ कांग्रेस नेताओं के गैर-ज़िम्मेदाराना बयानों के कारण हमने विरोध में आज इस बैठक में शामिल नहीं होने का फ़ैसला किया है.

उन्होंने कहा, हमें परिसीमन विधेयक का मसौदा मिल गया है और हमारे सांसद और नेता इसका अध्ययन कर रहे हैं, ताकि यह तय किया जा सके कि इसका समर्थन करना है या विरोध.

सभी सांसद सोमवार को एक साथ बैठकर इस पर चर्चा करेंगे और फ़ैसला लेंगे. यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि कांग्रेस के नेता पार्टी की ओर से कोई आधिकारिक फ़ैसला लिए बिना ही अपनी तरफ़ से इसकी आलोचना कर रहे हैं.

कोल्हे ने यह भी कहा कि उन्होंने राज्य में कांग्रेस नेताओं से केंद्र के नेताओं के साथ चर्चा करने और इस बात पर विचार करने का अनुरोध किया है कि क्या इस तरह आलोचना करना उचित है.

उन्होंने बताया, हम बैठक में शामिल होने वाले थे. सुप्रिया खुद ज़ूम कॉल के जरिए बैठक में शामिल होने वाली थीं. लेकिन उससे पहले अगर महाराष्ट्र के कांग्रेस नेताओं ने बेहद गैर-ज़िम्मेदाराना और निंदनीय बयान दिए हैं, तो हमें बैठक में क्यों शामिल होना चाहिए?

इसी वजह से हमने बैठक में शामिल नहीं होने का फैसला किया है.

डीमके ने बिल को समर्धन देने का किया एलान

केंद्रीय मंत्रिमंडल की ओर से निर्वाचन क्षेत्रों के पुनर्गठन (परिसीमन) विधेयक को मंजूरी दिए जाने के बाद डीएमके नेता एम. के. स्टालिन की अध्यक्षता में शनिवार को बैठक हुई.

इसके बाद डीएमके ने परिसीमन विधेयक के नए मसौदे का समर्थन किया है.

इस बारे में पत्रकारों से बात करते हुए डीएमके सांसद और पूर्व केंद्रीय मंत्री ए. राजा ने कहा,

1971 में डीएमके समेत सभी राजनीतिक दल लोकसभा में सीटों की संख्या तय करने के लिए एक साथ आए थे. उस समय तमिलनाडु की दो सीटें कम हो गई थीं.

हालांकि, राष्ट्रीय हित को ध्यान में रखते हुए डीएमके ने उस फ़ैसले को स्वीकार कर लिया था. हर राज्य को एक निश्चित हिस्सा दिया गया है और इसमें कोई बदलाव नहीं होना चाहिए. अब दो सीटें कम नहीं की जाएंगी, बल्कि अतिरिक्त सीटें दी जाएंगी.

उन्होंने आगे कहा, पिछली बार जब परिसीमन हुआ था, तब तमिलनाडु का हिस्सा 7.18 प्रतिशत था. निष्पक्ष परिसीमन का मतलब है कि यह हिस्सा बरकरार रखा जाना चाहिए.

कांग्रेस समेत सभी दलों की यही मांग थी. यह फैसला आज नहीं लिया गया है. डीएमके के सत्ता में रहते हुए पार्टी ने इस संबंध में एक ऐतिहासिक प्रस्ताव पारित किया था, जो भारत के लिए मार्गदर्शक हो सकता है.

क्या टकराव और बढ़ेगा?
फ़िलहाल लोकसभा में एनडीए को 319 सांसदों का समर्थन हासिल है. परिसीमन जैसे संवैधानिक संशोधन विधेयक को पारित कराने के लिए 360 वोटों की ज़रूरत होगी.

ऐसे में डीएमके, एनसीपी (शरद पवार गुट) और दूसरे क्षेत्रीय दलों की भूमिका निर्णायक हो सकती है.

परिसीमन विधेयक संसद में पेश किए जाने की संभावना है. ऐसे में संकेत मिल रहे हैं कि इस मुद्दे पर राजनीतिक टकराव आने वाले दिनों में न सिर्फ सत्ताधारी और विपक्षी दलों के बीच, बल्कि विपक्षी गठबंधन के घटक दलों के बीच भी तेज़ हो सकता है.

बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित.(bbc.com/hindi)

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button