भिलाई श्याम केमिकल्स में भीषण आग, आसमान में छाया धुएं का गुबार

छत्तीसगढ़संवाददाता
भिलाई नगर, 8 अक्टूबर। हथखोज स्थित सुप्रीम इण्डस्ट्रीज के समीप स्थित श्री श्याम केमिकल्स में गुरुवार को अचानक भीषण आग लगने से औद्योगिक क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई है। आग लगने के बाद उठे काले धुएं का घना गुबार काफी दूर तक आसमान में दिखाई दिया, जिससे आसपास की औद्योगिक इकाइयों में भी हड़कंप की स्थिति निर्मित हो गई।
समाचार लिखे जाने दोपहर 2 बजे तक दमकल की 5 से 6 गाडिय़ां और पुलिस बल मौके पर मौजूद है, आग बुझाने और उसे फैलने से रोकने जद्दोजहद जारी है।
फैब्रिकेशन कार्य के दौरान अचानक आग लगने की बात सामने आ रही है। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और बड़ी मात्रा में धुआं निकलने लगा। घटना की सूचना तत्काल दमकल विभाग को दी गई, जिसके बाद आग पर काबू पाने के प्रयास शुरू किए गए।
मौके पर मौजूद लोगों के अनुसार, आग इतनी तेज थी कि कुछ ही समय में पूरे क्षेत्र में धुएं का गुबार फैल गया। आसपास की औद्योगिक इकाइयों में काम कर रहे कर्मचारियों के बीच भी कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा।
बोर्ड पर दर्ज है खतरनाक अपशिष्ट की अनुमति
घटना स्थल पर कंपनी के बाहर लगे बोर्ड पर श्री श्याम केमिकल्स के साथ हेजर्ड वेस्ट अथाराइजेशन तथा विभिन्न औद्योगिक अपशिष्ट/उत्पादों के भंडारण एवं निपटान से संबंधित विवरण भी दिखाई दे रहा है।
हालांकि आग लगने के वास्तविक कारण आग से हुए नुकसान और किसी प्रकार की जनहानि की स्थिति की आधिकारिक पुष्टि अभी प्रतीक्षित है।
कर्मचारियों ने बताया कि कंपनी में फेब्रिकेशन वर्क के दौरान अचानक आग लगी है। आग पर नियंत्रण और घटना की जांच के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।


