तेलीबांधा चौक का नाम यथावत रखने के निर्णय पर कन्नौजिया तेली समाज ने मनाया उत्सव।
तरुण कौशिक, संपादक सर्वव्यापी
रायपुर के तेलीबांधा चौक का प्रस्तावित नाम परिवर्तन वापस लिए जाने के निर्णय पर कन्नौजिया तेली समाज में हर्ष का माहौल है। इस निर्णय की खुशी में समाज के पदाधिकारी एवं सदस्य प्रदेश कार्यालय, सरकंडा चौक, बिलासपुर में एकत्रित हुए और एक-दूसरे को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।उल्लेखनीय है कि तेलीबांधा चौक का नाम “सेवा ज्योति संकल्प चौक” किए जाने की घोषणा के बाद समाज के महासचिव सुरेश साहू ने असंतोष व्यक्त किया गया था। इसके विरोध में कन्नौजिया तेली समाज द्वारा प्रदेश के विभिन्न जिलों में कलेक्टर कार्यालयों के माध्यम से ज्ञापन सौंपने का निर्णय लिया गया था तथा 8 अक्टूबर को शाम 5 बजे ज्ञापन कार्यक्रम निर्धारित किया गया था।ज्ञापन कार्यक्रम से पूर्व ही सरकार द्वारा तेलीबांधा चौक का नाम परिवर्तन नहीं किए जाने की घोषणा के बाद समाज में प्रसन्नता व्याप्त हो गई। समाज के पदाधिकारियों ने इस निर्णय का स्वागत करते हुए कहा कि ऐतिहासिक सामाजिक धरोहरों एवं पहचान से जुड़े स्थलों का संरक्षण समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। भविष्य में भी ऐसी किसी पहल का समाज लोकतांत्रिक एवं शांतिपूर्ण तरीके से विरोध करता रहेगा।इस अवसर पर कन्नौजिया तेली समाज के पदाधिकारियों ने छत्तीसगढ़ के समस्त तेली समाजजनों को बधाई एवं शुभकामनाएं प्रेषित कीं तथा प्रदेश कार्यालय में उत्साहपूर्वक इस निर्णय का स्वागत किया।
