ताजा खबर

नगर निगम की सामान्य सभा : सभी आठ प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित नया बस स्टैंड अब डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के नाम से जाना जाएगा

राजनांदगांव :- नगर पालिक निगम की सामान्य सभा की बैठक गुरुवार को निगम सभागृह में अध्यक्ष टोपेन्द्र सिंह पारस वर्मा की अध्यक्षता में संपन्न हुई। राष्ट्रगीत और राजगीत से शुरू हुई इस बैठक में एक घंटे के प्रश्नकाल के बाद एजेंडे में शामिल सभी 8 मुख्य विषयों के साथ-साथ अन्य पूरक प्रस्तावों पर भी गहन विचार-विमर्श के बाद सर्वसम्मति से मुहर लगाई गई।

बैठक में महापौर मधुसूदन यादव और निगम आयुक्त जी.आर. मरकाम की मौजूदगी में शहर के विकास, इंफ्रास्ट्रक्चर और नामकरण से जुड़े कई बड़े निर्णय लिए गए।

इन प्रमुख प्रस्तावों को मिली स्वीकृति

नया बस स्टैंड का नामकरण व सौंदर्यीकरण: नया बस स्टैंड का नामकरण प्रखर विचारक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के नाम पर करने, उनकी प्रतिमा स्थापना व परिसर के सौंदर्यीकरण कार्य की स्वीकृति प्रदान की गई।

सड़कों व पार्कों का नया नाम: राष्ट्रीय राजमार्ग-53 में सी.आई.टी. कॉलेज से कन्हारपुरी बाईपास रोड का नाम ‘दाऊ मंदराजी मार्ग’ तथा कंचनबाग सनसिटी पहुंच मार्ग के पहले चौक का नाम ‘नवकार चौक’ रखा गया। वहीं वार्ड नं. 23 हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी स्थित पार्क का नाम पूर्व नामांकित पार्षद व वरिष्ठ पत्रकार स्व. राजेंद्र व्यास पार्क करने की मंजूरी दी गई।

पुरानी दुकानों का पुनर्निर्माण: जी.ई. रोड स्थित टाउनहॉल परिसर की 38 दुकानों और कस्तूरबा महिला मंडल रोड की 18 जर्जर दुकानों को तोड़कर 55 नई आधुनिक दुकानों का पुनर्निर्माण किया जाएगा।

विज्ञापनों के लिए यूनिपोल: निगम सीमा क्षेत्र में विज्ञापनों के लिए उपयुक्त स्थलों पर यूनिपोल (विज्ञापन बोर्ड) लगाने हेतु निविदा आमंत्रण की स्वीकृति दी गई।

करोड़ों के विकास कार्यों और नालों का अनुमोदन

नगर में जलभराव की समस्या से निपटने और अधोसंरचना मजबूत करने के लिए भारी-भरकम राशि के कार्यों को हरी झंडी मिली:

लखोली-कन्हारपुरी से मोहारा बाईपास नाला निर्माण: ₹208.32 लाख की निविदा की पुष्टि।

रेवाड़ीह चौक से गोकुल नगर नाला निर्माण: ₹250.00 लाख के कार्य का अनुमोदन।

चौक-चौराहों का सौंदर्यीकरण: मुख्यमंत्री नगरोत्थान योजनांतर्गत ₹253.32 लाख के सौंदर्यीकरण कार्यों के लिए निविदा आमंत्रण की स्वीकृति।

ट्रांसपोर्ट नगर विकास: अध्यक्ष की अनुमति से ट्रांसपोर्ट नगर में नाली, सड़क व पेयजल व्यवस्था हेतु संशोधित ₹490.00 लाख के प्राक्कलन को भी जोड़ा गया।

सदन में अन्य जुड़े प्रस्ताव

सदन में सदस्यों की सहमति से जैन मंदिर सदर बाजार चौक से जैन बगीचा मार्ग का नाम भगवान पार्श्वनाथ के नाम पर करने, आचार्य इंद्रभूषण ठाकुर के नाम से मार्ग/चौक नामित करने तथा ठाकुर प्यारेलाल सिंह व शहीद विनोद चौबे जी के प्रतिमा स्थल के सौंदर्यीकरण के प्रस्तावों को भी सर्वसम्मति से शामिल किया गया।

दिवंगतों को दी गई श्रद्धांजलि

बैठक के अंत में राष्ट्रगान के बाद पूर्व पार्षद स्व. भोलाराम मिश्रेकर, स्व. राजेंद्र व्यास, पूर्व प्राचार्य स्व. यू.एस. पालीवाल सहित निगम के दिवंगत कर्मचारियों व जनप्रतिनिधियों के परिजनों के निधन पर दो मिनट का मौन रखकर भावभिनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button